दिवाली से कालूपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं. 9 से 12 पर शुरू होगा ट्रेनों का संचालन

दिवाली से कालूपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नं. 9 से 12 पर शुरू होगा ट्रेनों का संचालन

अहमदाबाद. शहर के कालूूपुर रेलवे स्टेशन पर दिवाली से बड़ी सौगात मिलेगी। यहां प्लेटफॉर्म नं. 9 से 12 तक पर ट्रेन का संचालन शुरू होगा। इससे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य और बुलेट ट्रेन के काम के दौरान होने वाली भीड़-भाड़ कम होगी। अहमदाबाद के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) वेद प्रकाश ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चारों प्लेटफार्म पर नए ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो चुका है। सिग्नलिंग और विद्युतीकरण का काम पूरा होने को है।
उन्होंने इन चारों प्लेटफार्म का निरीक्षण किया। डीआरएम ने प्लेटफार्म पर रंगरोगन, एक-से दूसरे प्लेटफार्म पर जाने की सीढि़यों, लिफ्ट, एस्केलेटर, पेयजल, टॉयलेट, दिव्यांगों के लिए रैंप, प्रवेश-निकास आदि सुविधाओं के निर्माण कार्य का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इन चार प्लेटफॉर्म के चालू होने से स्टेशन पर पुनर्विकास का काम चलने के दौरान ट्रेनों के संचालन के लिए अतिरिक्त जगह मिल सकेगी। इस दौरान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनू त्यागी और अन्य अधिकारी साथ थे।

वाराणसी-साबरमती नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू करने की मंजूरी, रेल मंत्रालय ने लिया निर्णय, जल्द आरंभ होगी

अहमदाबाद. वाराणसी और साबरमती के बीच एक जल्द ही नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होगी। रेल मंत्रालय ने इसे आरंभ करने की मंजूरी दी है। इस निर्णय से यात्रियों को जल्द सुविधा मिलेगी। नई ट्रेन वाराणसी-साबरमती एक्सप्रेस (नं. 12206) और साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस (नं. 12205) होगी। इससे यात्रियों को उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के महत्त्वपूर्ण शहरों को जोड़ने वाली सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। रेल मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेन सेवा जल्द से जल्द सुविधाजनक तिथि से उपलब्ध होगी।
नई ट्रेन वाराणसी-साबरमती एक्सप्रेस (नं. 12206) वाराणसी से शाम 7.30 बजे रवाना होगी और अगले दिन रात 8.15 बजे साबरमती पहुंचेगी। इसी तरह, नई ट्रेन साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस (नं. 12205) साबरमती से सुबह 5.20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 6.30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों मार्गों में यह ट्रेन मिर्जापुर, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, टूंडला जंक्शन, ईदगाह आगरा जंक्शन, भरतपुर, नदबई, खेरली, मंडावर महुआ रोड, बांदीकुई, गांधीनगर जयपुर, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, फालना, आबू रोड, पालनपुर और मेहसाणा स्टेशन पर रुकेगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित रेलवे जोन को जल्द से जल्द इस सेवा को शुरू करने का निर्देश दिया है। ट्रेन तीन एलएचबी रेक के साथ संचालित होगी, जिसका प्राथमिक रखरखाव वाराणसी में होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *