दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने विशेष ट्रेनों के संचालन की तैयारी की है। लखनऊ होकर दिल्ली, पटना, चंडीगढ़, वाराणसी और फिरोजपुर के लिए 10 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इन ट्रेनों का संचालन नवंबर के अंत तक अलग-अलग तिथियों में किया जाएगा। इससे त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। उत्तर रेलवे के सीपीआरओ हिमांशु शेखर उपाध्याय के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न रूटों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा शारदीय नवरात्र के दौरान उतरेटिया से मिर्जापुर के बीच भी स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। वाराणसी-दिल्ली स्पेशल 27 नवंबर तक ट्रेन नंबर 04209 वाराणसी-दिल्ली स्पेशल 27 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को वाराणसी से रात 10:15 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 3:30 बजे लखनऊ पहुंचेगी और दोपहर 1:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04210 दिल्ली-वाराणसी स्पेशल 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को दिल्ली से शाम 6:50 बजे चलेगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 3:50 बजे लखनऊ और सुबह 9:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़, रायबरेली, लखनऊ, हरदोई, रामपुर, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर रुकेगी। अयोध्या कैंट-आनंद विहार के बीच भी सुविधा ट्रेन नंबर 04213 अयोध्या कैंट-आनंद विहार स्पेशल 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को अयोध्या कैंट से शाम 6:20 बजे रवाना होगी। यह रात 8:45 बजे लखनऊ और अगले दिन सुबह 6:10 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04214 आनंद विहार-अयोध्या कैंट स्पेशल 30 नवंबर तक निर्धारित दिनों में आनंद विहार से सुबह 9 बजे चलेगी। यह शाम 6:20 बजे लखनऊ और रात 10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। रास्ते में बाराबंकी, लखनऊ, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, अमरोहा, हापुड़ और गाजियाबाद स्टेशनों पर ठहराव होगा। वाराणसी-चंडीगढ़ स्पेशल से मिलेगी राहत ट्रेन नंबर 04227 वाराणसी-चंडीगढ़ स्पेशल 29 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार और रविवार को वाराणसी से सुबह 11:05 बजे रवाना होगी। यह शाम 5:15 बजे लखनऊ और अगले दिन सुबह 4:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04228 चंडीगढ़-वाराणसी स्पेशल 30 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार और सोमवार को चंडीगढ़ से सुबह 6 बजे चलेगी। ट्रेन शाम 6:30 बजे लखनऊ और रात 12:55 बजे वाराणसी पहुंचेगी। दोनों तरफ से प्रतापगढ़, रायबरेली, शाहजहांपुर, बरेली, मुरादाबाद, रुड़की, सहारनपुर और अंबाला कैंट स्टेशनों पर ठहराव रहेगा। चंडीगढ़-पटना स्पेशल 26 नवंबर तक ट्रेन नंबर 04512 चंडीगढ़-पटना स्पेशल 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार को चंडीगढ़ से रात 11:35 बजे रवाना होगी। यह अंबाला, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई होते हुए अगले दिन सुबह 10:30 बजे आलमनगर और 11:10 बजे उतरेटिया पहुंचेगी। इसके बाद सुल्तानपुर, वाराणसी, बक्सर, आरा और दानापुर होते हुए रात 9:15 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04511 पटना-चंडीगढ़ स्पेशल 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को पटना से रात 11:15 बजे चलेगी। यह अगले दिन सुबह 8:58 बजे उतरेटिया और 9:30 बजे आलमनगर पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित ठहरावों से होते हुए रात 9:40 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी। फिरोजपुर-पटना स्पेशल भी चलेगी ट्रेन नंबर 04616 फिरोजपुर कैंट-पटना स्पेशल 24 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार को फिरोजपुर से दोपहर 12 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 4:55 बजे आलमनगर और 5:40 बजे उतरेटिया पहुंचेगी। इसके बाद निर्धारित मार्ग से होते हुए शाम 6:35 बजे पटना पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04615 पटना-फिरोजपुर कैंट स्पेशल 25 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार को पटना से रात 8:20 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 5:56 बजे उतरेटिया और 6:55 बजे आलमनगर पहुंचेगी। इसके बाद रात 11:55 बजे फिरोजपुर कैंट पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन लुधियाना, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन समेत निर्धारित स्टेशनों पर रुकेगी। नवरात्र में उतरेटिया-मिर्जापुर स्पेशल ट्रेन शारदीय नवरात्र के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए उतरेटिया और मिर्जापुर के बीच भी विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। इसका संचालन 11 से 27 अक्टूबर तक प्रयागराज जंक्शन और विंध्याचल के रास्ते होगा। ट्रेन रायबरेली और कुंडा हरनामगंज होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी, जहां से मिर्जापुर के लिए रवाना होगी। ट्रेन नंबर 04129 मिर्जापुर-उतरेटिया स्पेशल मिर्जापुर से शाम 4:05 बजे चलकर विंध्याचल, मेजा रोड, नैनी, प्रयागराज जंक्शन, प्रयाग, कुंडा हरनामगंज, ऊंचाहार, रायबरेली, बकरावां और बछरावां होते हुए रात 11:10 बजे उतरेटिया पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 04130 उतरेटिया से रात 1 बजे रवाना होगी। यह बछरावां, रायबरेली, ऊंचाहार, कुंडा हरनामगंज, प्रयाग, प्रयागराज जंक्शन, नैनी, मेजा रोड और विंध्याचल होते हुए सुबह 8:30 बजे मिर्जापुर पहुंचेगी। रेलवे की इन विशेष सेवाओं से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेंगे। यात्रियों को सफर से पहले संबंधित ट्रेन की तारीख, समय और ठहराव की जानकारी रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ सेवा से जांचने की सलाह दी जाती है।

