दामखेड़ा में बछड़े को काटने की खबर से हंगामा:संदेही को पीटा, दूध डेयरी की आड़ में की वारदात, तीन हिरासत में

दामखेड़ा में बछड़े को काटने की खबर से हंगामा:संदेही को पीटा, दूध डेयरी की आड़ में की वारदात, तीन हिरासत में

कोलार क्षेत्र के दामखेड़ा में कलियासोत नदी के पास संचालित एक डेयरी में गोवंश के कटे हुए अवशेष मिलने के बाद हड़कंप मच गया। शुक्रवार तड़के पुलिस ने डेयरी पर दबिश देकर संचालक गब्बर यादव, मुन्ना यादव और राशिद खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से मिले अवशेष जब्त कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गोवंश के अन्य अंग कहां ठिकाने लगाए गए और कथित तौर पर उन्हें किन लोगों को बेचा गया था। सुबह 4 बजे मिली सूचना, पुलिस ने दी दबिश पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि ग्राम दामखेड़ा स्थित गब्बर यादव की डेयरी में गोवंश की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान वहां गोवंश के कटे हुए अवशेष मिले, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस को आशंका है कि गोवंश को कुछ समय पहले काटा गया था और उसके अन्य अवशेष कहीं और ठिकाने लगा दिए गए थे। मामले में राशिद खान की भूमिका सहित अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में और कौन लोग शामिल हो सकते हैं। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश, मारपीट के वीडियो सामने आए मामले का खुलासा होने के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने एक संदेही के साथ मारपीट की, जिसके वीडियो भी सामने आए हैं। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल की स्थिति बनने की बात सामने आई है। वहीं, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता कोलार थाने पहुंचे और विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने गोवंश संरक्षण सुनिश्चित करने तथा इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की। पहले भी कार्रवाई होने के बावजूद संचालन पर सवाल स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के अनुसार, कलियासोत नदी से सटी गब्बर यादव की डेयरी लंबे समय से संचालित बताई जा रही है। इस डेयरी के खिलाफ पहले भी नगर निगम की कार्रवाई होने की बात सामने आई है। हालांकि, कार्रवाई के बाद दोबारा संचालन शुरू होने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि यदि पहले कार्रवाई की गई थी, तो इसके बावजूद डेयरी का संचालन कैसे जारी रहा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही गोवंश के कथित कटान, अन्य अवशेषों को ठिकाने लगाने और इस गतिविधि में शामिल लोगों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *