सरगुजा में दशहरा पर्व पर रावण दहन सहित अन्य आयोजन को संपन्न कराने वाले सरगुजा सेवा समिति और नागरिक सेवा समिति में मतभेद की स्थिति बन गई है। नागरिक सेवा समिति ने सरगुजा सेवा समिति पर उपेक्षा और मनमानी का आरोप लगा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। सरगुजा सेवा समिति की मनमानी को लेकर नागरिक सेवा समिति ने कहा है कि आयोजन में उनकी 50 प्रतिशत भागीदारी रहे, अन्यथा वे विवश होकर अलग आयोजन करने की व्यवस्था करनी पड़ेगी। नागरिक मंच की सोमवार को बैठक भी हुई। सरगुजा में ढाई दशक से दशहरा महोत्सव के तहत प्रतियोगिताएं एवं रावण दहन का कार्यक्रम सरगुजा सेवा समिति, नागरिक सेवा समिति और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। सरगुजा सेवा समिति का गठन पूर्व विधायक स्व. रविशंकर त्रिपाठी ने किया था। वहीं सभी वर्ग के लोगों को मिलाकर नागरिक सेवा समिति बनाई गई थी। सरगुजा सेवा समिति पर मनमानी का आरोप विवाद की शुरूआत प्रदेश में भाजपा के सत्तासीन होने के बाद सरगुजा सेवा समिति द्वारा मनमाने तरीके से काम करने एवं निर्णयों में नागरिक सेवा समिति की उपेक्षा को लेकर शुरू हुई। सरगुजा सेवा समिति में भाजपाईयों का कब्जा है। इस वर्ष सरगुजा सेवा समिति का पुर्नगठन किया गया। आरोप है कि कुछ लोग नागरिक सेवा समिति का उपयोग अपना राजनैतिक हित साधने में कर रहे हैं। वर्तमान में सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी हैं। सरगुजा सेवा समिति ने दशहरा महोत्सव के तहत राम चरित मानस गायन प्रतियोगिता, लोकनृत्य प्रतियोगिता सहित अन्य आयोजनों के लिए तिथि की घोषणा भी कर दी है। इसके लिए नागरिक सेवा समिति को सूचना तक नहीं दी गई। नागरिक सेवा समिति ने सरगुजा सेवा समिति पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कलेक्टर को पत्र दिया है। पत्र में नागरिक सेवा समिति ने कहा है कि आयोजनों में नागरिक सेवा समिति को 50 फीसदी सहभागिता दी जाए, अन्यथा नागरिक सेवा समिति अलग आयोजन करेगा। नागरिक सेवा समिति की बैठक, फिलहाल अलगाव का निर्णय नहीं दशहरा महोत्सव के आयोजन को लेकर नागरिक सेवा समिति की बैठक अध्यक्ष अजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में यह बात सदस्यों द्वारा कहा गया कि नागरिक सेवा समिति, सरगुजा सेवा समिति, एवं जिला प्रशासन तीनों के बराबर भागीदारी के साथ दशहरा महोत्सव का आयोजन किया जाता रहा है। किसी प्रकार की गलतफहमी एवं मनभेद न हो इस बाबत नागरिक सेवा समिति की ओर से एक पत्र भी सरगुजा सेवा समिति के अध्यक्ष को प्रेषित किया गया है। बैठक में सभी लोगों ने मिलजुल कर पूरे उत्साह के साथ शहर के इस प्रमुख आयोजन को सफल बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में अजय अग्रवाल त्रिलोक कपूर कुशवाहा जेपी श्रीवास्तव, शफी अहमद, द्वितेंद्र मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ सदस्य शामिल हुए। मिलजुलकर आयोजन करेंगे-रजनी त्रिपाठी
सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि नागरिक सेवा समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल का पत्र मिला है। दशहरा महोत्सव बड़ा आयोजन होता है। कई सालों से साथ मिलकर आयोजन करते रहे हैं। अजय अग्रवाल से बात भी हुई है। साथ मिलकर आयोजन करेंगे। आयोजन के लिए शासन से मिलते हैं 10 लाख सरगुजा के प्रमुख आयोजनों में से एक दहशरा महोत्सव के आयोजन के लिए शासन द्वारा 10 लाख रुपये दिए जाते हैं। इसके अलावे सरगुजा सेवा समिति एवं नागरिक सेवा समिति द्वारा व्यापारियों एवं अन्य वर्गों से चंदा एकत्र किया जाता है। दोनों आयोजन समितियां पंजीकृत हैं। हालांकि आय-व्यय का हिसाब सार्वजनिक नहीं किया जाता है।

