दलित छात्र से मारपीट कर जातिसूचक टिप्पणी की:स्कूल से लौटते समय घेरा, 3 नामजद पर FIR

दलित छात्र से मारपीट कर जातिसूचक टिप्पणी की:स्कूल से लौटते समय घेरा, 3 नामजद पर FIR

भदोही जिले के सुरियावां थाना क्षेत्र में 10वीं कक्षा के एक दलित छात्र के साथ मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। छात्र जब स्कूल से घर लौट रहा था, तब कुछ लोगों ने उसे रोककर पीटा और जातिसूचक गालियां दीं। इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। पीड़ित छात्र की दादी क्रांति देवी की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों को नामजद किया है। इनमें जीयनपुर गांव निवासी शुभम उपाध्याय, कुसौली गांव निवासी अर्जुन पंडित और रायपुर निवासी गणेश यादव शामिल हैं। इनके अलावा, कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (BNS) और एससी-एसटी एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। क्रांति देवी ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका नाती सुंदरम कनौजिया जेबी ग्रेटर पब्लिक स्कूल पाली में पढ़ता है। स्कूल से लौटते समय आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट की। उन्होंने सुंदरम को जातिसूचक गालियां देते हुए कहा, “धोबी तू अधिकारी बनेगा, तू सिर्फ धोबी घाट संभाल, कपड़ा प्रेस कर।” आरोपियों ने इस घटना का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, साथ ही स्टेटस भी लगाया। दादी ने कहा कि इस घटना से उनके पूरे परिवार और नाती के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है। सुरियावां थाना पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 352, 3(1)द, 3(1)घ के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *