लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में रविवार को दबंगों ने हरिनगर निवासी सूरज चौरसिया पर हमला कर उसे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। हमलावरों ने उसकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दबंगों ने इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से करीब तीन राउंड फायरिंग भी की। मारपीट में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज ओमवीर सिंह के मुताबिक, घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

