दतिया विधायक घनश्याम सिंह के निर्वाचन को चुनौती:हाईकोर्ट में आज सुनवाई; आपराधिक प्रकरण की जानकारी छिपाने का आरोप

दतिया विधायक घनश्याम सिंह के निर्वाचन को चुनौती:हाईकोर्ट में आज सुनवाई; आपराधिक प्रकरण की जानकारी छिपाने का आरोप

दतिया कांग्रेस विधायक घनश्याम सिंह के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर आज (शुक्रवार) ग्वालियर हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। पहले यह मामला जबलपुर हाईकोर्ट में था, लेकिन अब ट्रांसफर होकर ग्वालियर हाईकोर्ट पहुंच गया है। भाजपा नेता अधिवक्ता दीपक बेलपत्री की ओर से दायर याचिका में आरोप लगाया गया है कि जुलाई 2026 में हुए दतिया विधानसभा उपचुनाव के दौरान घनश्याम सिंह ने अपने चुनावी शपथ पत्र में वर्ष 1991 के एक आपराधिक प्रकरण की जानकारी छिपाई थी। याचिका के मुताबिक, वर्ष 1991 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के बाद दतिया में हुए विरोध प्रदर्शन और चक्काजाम के दौरान एफआईआर दर्ज की गई थी। इसमें करीब 22 लोगों के नाम शामिल थे, जिनमें घनश्याम सिंह का नाम भी होने का दावा किया गया है। याचिकाकर्ता का कहना है कि इस प्रकरण की जानकारी चुनावी शपथ पत्र में नहीं दी गई। हालांकि, उपचुनाव के दौरान घनश्याम सिंह ने अपने शपथ पत्र में दो लंबित आपराधिक मामलों की जानकारी घोषित की थी। 6,016 वोटों से जीते थे घनश्याम सिंह
दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान हुआ था और 3 अगस्त को परिणाम घोषित किया गया था। इसमें कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,016 मतों से हराया था। अब उनके निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर ग्वालियर हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है। फिलहाल, याचिका दायर होने मात्र से विधायक की सदस्यता पर कोई असर नहीं पड़ा है। वर्ष 1991 के कथित प्रकरण का शपथ पत्र में उल्लेख करना आवश्यक था या नहीं और इसका निर्वाचन की वैधता पर क्या प्रभाव पड़ेगा, यह न्यायालय की सुनवाई और आगे की न्यायिक प्रक्रिया में तय होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *