कटनी जिले के कुठला थाना परिसर में शुक्रवार को खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले दलपत पटेल की मौत के बाद शनिवार दोपहर इलाके में तनाव बढ़ गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने इंदिरा नगर के मुख्य मार्ग पर शव रखकर रास्ता रोक दिया। प्रदर्शनकारी मारपीट में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन और कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। घटना के बाद भारी पुलिस बल तैनात है। बड़े अधिकारी परिजनों को समझाने की कोशिश कर रहे हैं। दलपत पटेल का शव जबलपुर से कटनी पहुंचते ही परिजनों ने सड़क पर रखकर यातायात रोक दिया। मृतक की बेटी रेशमा पटेल ने पुलिस प्रशासन पर आरोप लगाए हैं। पुलिस के दबाव के कारण ऐसा कदम उठाया रेशमा पटेल ने बताया कि पुलिस ने उनकी मां के साथ थाने में मारपीट की और पिता को भी लगातार परेशान किया जा रहा था। पुलिस के दबाव से परेशान होकर ही उनके पिता ने यह कदम उठाया। उन्होंने मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। ये है पूरा मामला दलपत पटेल का बेटा मोहित पटेल चोरी के एक मामले में जेल में बंद है। पुलिस के मुताबिक, इस चोरी की जांच के दौरान मोहित की मां के शामिल होने के भी कुछ सबूत मिले थे। पुलिस ने महिला को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। पुलिस का कहना था कि सबूतों के आधार पर महिला को सह-आरोपी बनाया जा सकता था। परिजनों का दावा है कि पुलिस जांच के नाम पर उन्हें परेशान कर रही थी। अपनी पत्नी के खिलाफ संभावित कानूनी कार्रवाई और थाने में हुए दुर्व्यवहार से आक्रोशित होकर दलपत पटेल थाने पहुंचा था, जहां उसने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली थी।
जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे अधिकारी
घटना के बाद थाने के बाहर परिजनों और ग्रामीणों के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी थानों की पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
सड़क पर चक्काजाम होने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस के उच्च अधिकारी परिजनों को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाने की कोशिशों में लगे हुए हैं।

