Boils Symptoms: क्या आपकी त्वचा पर कभी अचानक कोई छोटा सा लाल दाना निकला है, जो दो-तीन दिनों के अंदर एक दर्दनाक गांठ बन गया और उसमें सफेद-पीला पस (मवाद) भर गया? हम इसे बालतोड़, फ़ोड़ा या मेडिकल भाषा में Boil (फ्यूरंकल) कहते हैं। अक्सर जब शरीर पर बालतोड़ निकलता है, तो लोग घबराकर या चिढ़कर उसे दबाने या फोड़ने की गलती कर बैठते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी यह एक छोटी सी भूल इन्फेक्शन को पूरे शरीर में फैला सकती है? मेयो क्लिनिक के अनुसार, आइए जानते हैं कि बालतोड़ क्यों होता है, इसके क्या लक्षण हैं और घर पर इसका इलाज करते समय आपको किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
क्या होता है बालतोड़ (Boil)?
वेबएमडी के अनुसार, बालतोड़ दरअसल त्वचा का एक बैक्टीरिया इन्फेक्शन है, जो बालों की जड़ों (Hair Follicle) या तेल ग्रंथि से शुरू होता है। जब हमारी त्वचा पर मौजूद स्टैफिलोकोकस (Staph) नाम का बैक्टीरिया त्वचा के किसी छोटे से कट, छिलने या बालों के टूटने की जगह से अंदर घुस जाता है, तो शरीर उससे लड़ने की कोशिश करता है। इसी लड़ाई के नतीजे में वहां सूजन आ जाती है, जगह लाल हो जाती है और उसमें मवाद भर जाता है। यह शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकता है, लेकिन सबसे ज्यादा यह उन जगहों पर निकलता है जहाँ पसीना ज्यादा आता है या कपड़े रगड़ खाते हैं जैसे कि चेहरा, गर्दन, बगल (Armpits), जांघों के बीच में और हिप्स (Buttocks) पर।
बालतोड़ के मुख्य लक्षण
- दाना धीरे-धीरे बड़ा और ज्यादा दर्दनाक होने लगता है।
- 4 से 7 दिनों के अंदर गांठ के बीच में एक सफेद या पीले रंग की मवाद वाली पोटली (Head) दिखने लगती है।
- गांठ के चारों तरफ की त्वचा लाल, गर्म और छूने पर दर्द देने वाली हो जाती है।
- एक ही जगह पर 3-4 बालतोड़ एक साथ गुच्छे के रूप में निकल आते हैं।
बालतोड़ होने के मुख्य कारण
- त्वचा पर चोट या खरोंच।
- कमजोर इम्यूनिटी।
- डायबिटीज (शुगर)।
- साफ-सफाई की कमी।
बालतोड़ होने पर क्या करना चाहिए
मेयो क्लिनिक के मुताबिक, अगर बालतोड़ छोटा है और कोई गंभीर परेशानी नहीं है, तो आप घर पर इसकी सही देखभाल करके इसे आसानी से ठीक कर सकते हैं;
गर्म पानी की सिकाई करें (Warm Compress)- यह बालतोड़ का सबसे अचूक उपाय है। एक साफ सूती कपड़े को गुनगुने पानी में भिगोकर निचोड़ लें और 10-15 मिनट के लिए बालतोड़ पर रखें। दिन में 3 से 4 बार ऐसा करें। इससे उस जगह खून का बहाव बढ़ता है, दर्द कम होता है और मवाद जल्दी बाहर आ जाता है।
- सफाई का पूरा ध्यान रखें- बालतोड़ वाली जगह को दिन में 1-2 बार हल्के माइल्ड साबुन और गुनगुने पानी से साफ करें।
- साफ पट्टी से ढककर रखें- जब मवाद खुद-ब-खुद बहने लगे, तो उसे साफ रुई से पोंछकर उस पर एंटीसेप्टिक पट्टी (Bandage) लगा दें ताकि इन्फेक्शन दूसरी जगह न फैले।
- हाथों को अच्छे से धोएं- बालतोड़ को छूने से पहले और बाद में अपने हाथों को साबुन से कम से कम 20 सेकंड तक जरूर धोएं।
- कपड़े और तौलिया अलग रखें- अपनी तौलिया, चादर और कपड़े परिवार के दूसरे सदस्यों से अलग रखें और उन्हें गर्म पानी में धोएं।
भूलकर भी न करें ये गलतियां
- बालतोड़ को कभी न फोड़ें या दबाएं (Do NOT Pop or Squeeze)।
- बिना पूछे कोई क्रीम न लगाएं।
- पर्सनल सामान शेयर न करें।
- जिम या स्विमिंग पूल जाने से बचें।
डॉक्टर के पास कब जाना जरूरी है?
ज्यादातर बालतोड़ 1 से 2 हफ्ते में खुद-ब-खुद ठीक हो जाते हैं। लेकिन नीचे दी गई स्थितियों में डॉक्टर को तुरंत दिखाना चाहिए;
- बालतोड़ आपके चेहरे, नाक या रीढ़ की हड्डी के पास हो।
- इसके साथ आपको तेज बुखार, ठंड लगना या बहुत ज्यादा दर्द हो रहा हो।
- बालतोड़ का साइज बहुत बड़ा (2 इंच से ज्यादा) हो गया हो या 2 हफ्ते बीतने पर भी ठीक न हो रहा हो।
- आपको बार-बार शरीर पर बालतोड़ निकल रहे हों।

