तीन बार चेयरमैन रहे गुड्डू भैया सपा में शामिल:अखिलेश यादव ने जितेंद्र गुप्ता को दिलाई सदस्यता, लंबे समय से भाजपा में थे

तीन बार चेयरमैन रहे गुड्डू भैया सपा में शामिल:अखिलेश यादव ने जितेंद्र गुप्ता को दिलाई सदस्यता, लंबे समय से भाजपा में थे

श्रावस्ती में इकौना नगर पंचायत के तीन बार चेयरमैन रहे जितेंद्र कुमार गुप्ता उर्फ ‘गुड्डू भैया’ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उनके सपा में आने से जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जितेंद्र गुप्ता लंबे समय से भाजपा से जुड़े थे। शनिवार देर शाम 7:00 बजे पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि ने बताया कि उन्होंने अपने कई समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ सपा की सदस्यता ली। सपा में शामिल होने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंच से श्रावस्ती का नाम लिया। उन्होंने जितेंद्र कुमार गुप्ता का खास तौर पर जिक्र किया। अखिलेश यादव ने कहा, “श्रावस्ती से जितेंद्र कुमार गुप्ता, जो भारतीय जनता पार्टी छोड़कर आए हैं, मैं उनका बहुत-बहुत धन्यवाद और आभार प्रकट करता हूं।”
अखिलेश यादव के सार्वजनिक मंच से नाम लेने के बाद स्थानीय सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी उत्साह देखा गया। लाल टोपी पहनकर सपा में शामिल हुए गुड्डू भैया के साथ बड़ी संख्या में उनके समर्थक भी मौजूद थे। जितेंद्र कुमार गुप्ता का सपा में आना 290 श्रावस्ती विधानसभा क्षेत्र की आने वाली राजनीति के लिए एक अहम घटना मानी जा रही है। उनके लंबे राजनीतिक अनुभव और इकौना क्षेत्र में सक्रियता के कारण सपा के भीतर भी इस बदलाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। खासकर विधानसभा चुनाव में पार्टी से टिकट की दावेदारी कर रहे नेताओं के बीच इस घटनाक्रम से राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा की सक्रियता के बीच जिले में पार्टी से नए नेताओं और समर्थकों के जुड़ने का सिलसिला भी चर्चा में है। गुड्डू भैया के सपा में शामिल होने के बाद अब 290 विधानसभा क्षेत्र में आगे की राजनीतिक गतिविधियों और संभावित नए समीकरणों पर सबकी नजर है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *