रतलाम में तिरंगा रैली में शामिल होने पहुंचे कलेक्टर, महापौर, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों के पीछे उनके खाली वाहनों का काफिला चलता रहा। रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल बचाने वाले अपील का कोई असर देखने को नहीं मिला। दरअसल हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को तिरंगा रैली जिला प्रशासन व नगर निगम द्वारा निकाली गई। रैली का शुभारंभ नगर निगम कार्यालय परिसर से हुआ। हाथों में तिरंगा थामे अधिकारी, जनप्रतिनिधि व आमजन पैदल शहर में निकले। 4 बजे से शुरू हुई रैली कॉलेज रोड, जेल रोड, लोकेन्द्र टॉकीज, न्यू रोड, दो बत्ती होते हुए महाराजा सज्जन सिंह चौराहा पहुंची। यहीं पर इसका समापन किया गया। इस दौरान महापौर प्रहलाद पटेल, कलेक्टर अजय कटेसरिया, सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, अपर कलेक्टर बृजेंद्र रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, नगर निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष लाला बाई चंद्रवंशी, आरडीए उपाध्यक्ष गोविंद काकानी, प्रवीण सोनी समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक शामिल हुए। कलेक्टर बोले- जिले का स्वच्छ रखें
रैली के समापन पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने कहा देश इस वर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ एक अच्छे नागरिक के रूप में अपने दायित्वों को भी याद करना चाहिए। हम सभी की जिम्मेदारी है कि रतलाम शहर और पूरे जिले को स्वच्छ रखें। जिले की प्रगति और विकास में अपना योगदान दें। पीएम मोदी की अपील का नहीं दिखा असर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की गई थी लेकिन रतलाम में अधिकारी व भाजपा के जनप्रतिनिधि इस अपील को भूल गए। दरअसल रैली में शामिल अधिकारी, जनप्रतिनिधि व अन्य शहर में एक से डेढ़ किमी पैदल चले। लेकिन पीछे-पीछे अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों की खाली गाड़ियों का काफिला चलता रहा।


