मेरठ के जानी थाना क्षेत्र के कुराली गांव में सोमवार देर शाम एक दुखद हादसा हो गया। खेलते समय तालाब में डूबने से चार वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को तालाब से निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कुराली गांव निवासी सन्नी की चार वर्षीय बेटी काव्या सोमवार शाम घर के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। खेलते हुए वह मकान के पीछे स्थित तालाब के पास पहुंच गई और अचानक उसमें गिर गई। काव्या के साथ खेल रहे बच्चों ने घटना देखकर उसकी मां मीनाक्षी को सूचना दी। मीनाक्षी के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्ची को बचाने के लिए तालाब में कूद गए। काफी मशक्कत के बाद काव्या को तालाब से बाहर निकाला गया। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। काव्या अपने चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। उसकी मौत की खबर सुनकर मां मीनाक्षी और परिवार के अन्य सदस्यों का बुरा हाल है। इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने गांव में खुले तालाबों और जलभराव वाले स्थानों पर सुरक्षा इंतजामों की मांग की है। उनका कहना है कि ये स्थान छोटे बच्चों के लिए खतरा बने हुए हैं और सुरक्षा उपायों के अभाव में ऐसे हादसे दोबारा हो सकते हैं।

