ताजमहल आए अमेरिकी दंपती का डॉलरों से भरा पर्स चुराया:दो बच्चों पर पैसे लेकर भागने का आरोप, CCTV में हुए कैद, पुलिस तलाश में जुटी

ताजमहल आए अमेरिकी दंपती का डॉलरों से भरा पर्स चुराया:दो बच्चों पर पैसे लेकर भागने का आरोप, CCTV में हुए कैद, पुलिस तलाश में जुटी

आगरा ताजनगरी में अमेरिकी पर्यटक दंपती के साथ शातिर ठगी का मामला सामने आया है। दो बच्चों ने उनका डॉलरों से भरा पर्स पार कर दिया। पर्स में 2,750 डॉलर के साथ जरूरी कागजात और पासपोर्ट भी रखे थे। भारतीय मुद्रा में यह रकम ढाई लाख रुपये से अधिक है। घटना के बाद पर्यटक दंपती ने पर्यटन थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में अहम सुराग मिले हैं। जानकारी के अनुसार, अमेरिकी पर्यटक दंपती अपने मित्र गुयेन फुओन के साथ आगरा घूमने आए थे। सभी फतेहाबाद रोड स्थित होटल ट्राइडेंट में ठहरे हुए थे। 19 सितंबर की शाम करीब पांच बजे दंपती दवा लेने के लिए ताजगंज क्षेत्र स्थित एक मेडिकल स्टोर पर गए। दवा खरीदने के बाद उन्होंने भुगतान किया और पर्स को कंधे पर टंगे बैग में रख लिया। इसी दौरान दुकान पर मौजूद 9 और 12 साल के दो लड़कों ने उन्हें पर्स में रुपये रखते देख लिया। बताया गया कि दोनों लड़के दुकान से ही उनके पीछे लग गए और रुपये मांगने लगे। दंपती ने उन्हें अनदेखा कर दिया और आगे बढ़ गए। कंधे पर लटका बैग की चेन खुली रह गई थी। होटल लौटते समय रास्ते में दोनों लड़कों ने फिर उन्हें घेर लिया। बातों में उलझाकर एक लड़के ने बैग से पर्स निकाल लिया और दोनों मौके से भाग निकले। पीड़ित दंपती ने पुलिस को बताया कि पर्स में 2,750 डॉलर, दो हजार भारतीय रुपये और पासपोर्ट रखा था। सूचना मिलते ही पर्यटन पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में दो लड़के पर्स लेकर भागते हुए दिखाई दिए। एसीपी ताज सुरक्षा यतेंद्र नागर ने बताया कि सीसीटीवी की मदद से पुलिस मथुरा रेलवे स्टेशन तक पहुंची है। जांच में सामने आया है कि दोनों लड़के ताजनगरी मेट्रो स्टेशन के पास फुटपाथ पर रहते थे। पुलिस टीम उन्हें पकड़ने और डॉलर बरामद करने का प्रयास कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *