तरनतारन पुलिस ने विस्फोटक सप्लाई करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 4 हैंड ग्रेनेड, बिना नंबर की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन मिले हैं। आरोपी की पहचान खालड़ा थाना क्षेत्र के धुन्न निवासी प्रिंसपाल सिंह के रूप में हुई है। यह कार्रवाई डीजीपी गौरव यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। सीआईए स्टाफ की टीम माड़ी मेघा गांव के बॉर्डर इलाके में वाहनों की जांच कर रही थी। खालड़ा बॉर्डर से आ रहे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपियों के पाकिस्तान में बैठे तस्करों से संबंध थे और ग्रेनेड वहीं से मंगवाए गए थे। खालड़ा थाने में मामला दर्ज इन ग्रेनेड को आगे सप्लाई किया जाना था। खालड़ा थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों तथा आगे-पीछे के नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

