डेटिंग ऐप Tinder पर दोस्ती पड़ी भारी! नवी मुंबई के होटल में बुलाकर दो सगी बहनों से दुष्कर्म

डेटिंग ऐप Tinder पर दोस्ती पड़ी भारी! नवी मुंबई के होटल में बुलाकर दो सगी बहनों से दुष्कर्म

Dating App Fraud: डेटिंग ऐप ‘टिंडर’ (Tinder) के जरिए पहचान बनाकर युवतियों को अपने जाल में फंसाने का एक और गंभीर मामला सामने आया है। टिंडर पर दो युवकों से हुई पहचान के बाद मिलने गई दो सगी बहनों के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। नवी मुंबई के सीवूड्स इलाके के एक होटल में यह कथित घटना हुई। पीड़ित दोनों बहनों में से एक नाबालिग है। शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आगे की जांच के लिए केस को एनआरआई कोस्टल पुलिस को सौंप दिया गया है।

Tinder पर हुई थी दोनों युवकों से पहचान

मिली जानकारी के मुताबिक, मुंबई के सांताक्रूज इलाके में रहने वाली दो बहनों की कुछ दिन पहले टिंडर के जरिए दो अज्ञात युवकों से पहचान हुई थी। उनके बीच कुछ दिनों तक ऑनलाइन चैटिंग होती रही। आरोप है कि युवकों ने बातचीत के जरिए दोनों बहनों का विश्वास हासिल किया और उन्हें मिलने के लिए नवी मुंबई के सीवूड्स इलाके में बुलाया।

बताया जा रहा है कि दोनों बहनों को सीवूड्स पहुंचने में आसानी हो, इसके लिए आरोपियों ने ऑनलाइन कैब भी बुक की थी। कैब से सीवूड्स पहुंचने के बाद दोनों युवकों ने पीड़ितों को एक मॉल व आसपास के इलाकों में घुमाया।

शराब पिलाने के बाद होटल ले जाने का आरोप

आरोप है कि घूमने के दौरान दोनों युवकों ने बहनों को एक जगह ले जाकर जबरन शराब पिलाई। दोनों के नशे में होने के बाद आरोपियों ने कुछ देर आराम करने का बहाना बनाया और उन्हें सीवूड्स के एक होटल में ले गए। शिकायत के अनुसार, होटल में दोनों युवतियां जब अचेत हो थीं तो आरोपियों ने उनके साथ दुष्कर्म किया।

घर पहुंचकर बहनों ने परिवार को बताई पूरी घटना

घटना के बाद दोनों बहनें किसी तरह घर पहुंचीं और उन्होंने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद तुरंत पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों बहनों की मेडिकल जांच कराई है। फिलहाल एनआरआई कोस्टल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

CCTV और कैब से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश

पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके ठिकाने तक पहुंचने के लिए कई स्तरों पर जांच कर रही है। मॉल और होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा आरोपियों द्वारा बुक की गई ऑनलाइन कैब के रिकॉर्ड और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर भी पुलिस उनका पता लगाने की कोशिश कर रही है।

फिलहाल पुलिस छानबीन कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें काम कर रहीं है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई जांच और उपलब्ध सबूतों के आधार पर की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *