झांसी आरपीएफ ने रेलवे के डीजल चोरी के मामले में करारी स्टेशन मास्टर चंद्रशेखर को गिरफ्तार किया है। बीते दिनों 350 लीटर चोरी के डीजल के साथ पकड़े गए गैंग के सदस्यों से पूछताछ में स्टेशन मास्टर का नाम सामने आया था। इसके बाद आरपीएफ ने उसकी भूमिका की जांच शुरू की। जांच में संलिप्तता स्पष्ट होने के बाद रविवार को आरपीएफ ने स्टेशन मास्टर को उसके घर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरपीएफ कमांडेंट जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि बीते दिनों करारी रेलवे स्टेशन से 350 लीटर चोरी के डीजल के साथ एक गैंग को पकड़ा गया था। गैंग के सदस्यों से पूछताछ के दौरान करारी स्टेशन मास्टर के भी मामले में शामिल होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद से आरपीएफ उसकी भूमिका की जांच कर रही थी। जांच के दौरान स्टेशन मास्टर की संलिप्तता स्पष्ट होने पर रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरपीएफ के अनुसार, आरोपी के मोबाइल फोन से भी डीजल चोरी से जुड़े साक्ष्य मिले हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर मामले में उसकी भूमिका की पुष्टि हुई।
कमांडेंट ने बताया कि डीजल चोरी के इस मामले में अब अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी स्टेशन मास्टर के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।


