यमुनानगर के व्यासपुर में सामान लेने जा रहे एक परिवार की बाइक को गांव संधाये में शराब ठेके के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दंपती, उनकी छह साल की बेटी और बुजुर्ग महिला सड़क पर गिरकर घायल हो गए। बच्ची के सिर से काफी खून बह रहा था। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में बच्ची के पिता, मां और दादी भी घायल हुए हैं। मृतका की पहचान तनु पुत्री अनुज के रूप में हुई है। गांव छल्लौर निवासी अनुज ने व्यासपुर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी मां माया देवी, पत्नी पूजा और बेटी तनु के साथ बाइक पर व्यासपुर सामान लेने जा रहा था। बाइक वह खुद चला रहा था। जब वे गांव संधाये में शराब ठेके के पास पहुंचे तो उनकी साइड से गुजर रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने अचानक कट मार दिया। इससे उनकी बाइक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई और चारों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। बच्ची ने अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम हादसे में सभी को चोटें आईं, जबकि बेटी तनु के सिर से काफी खून बहने लगा। राहगीरों ने घायलों को निजी कार से सरकारी अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जगाधरी अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके बाद उन्हें यमुनानगर अस्पताल भेजा गया। उपचार के दौरान तनु ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही व्यासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। पीड़ित अनुज ने बताया कि हादसा ट्रैक्टर-ट्राली चालक की लापरवाही से हुआ। थाना प्रभारी विनोद ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपी ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

