ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:मोबाइल में मिला आत्महत्या का ऑडियो, ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर जान देने का आरोप

ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:मोबाइल में मिला आत्महत्या का ऑडियो, ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर जान देने का आरोप

संतकबीरनगर में मंगलवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक कुशीनगर का रहने वाला था। पुलिस को शव के पास से एक मोबाइल मिला है। इसमें एक ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है, जिसमें मृतक के आत्महत्या करने की बात कहने की जानकारी सामने आई है। पुलिस की सूचना पर बुधवार दोपहर मृतक के परिजन खलीलाबाद मोर्चरी पहुंचे। यहां उन्होंने शव की पहचान कुशीनगर जिले के हाटा बाजार थाना क्षेत्र के झांगा बाजार निवासी संतोष गुप्ता (51) पुत्र परमेश्वर गुप्ता के रूप में की। मामला खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के कैलाश नगर मोहल्ले के पास था। संतोष अपने दो भाइयों में सबसे बड़े थे। वह भैंसही बाजार में चिखना की दुकान चलाते थे। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे उनके भाई सनोज गुप्ता ने बताया कि संतोष 12 सितंबर को असम के गुवाहाटी में कामाख्या देवी के दर्शन करने की बात कहकर घर से निकले थे। इसके बाद परिवार के लोगों से उनका संपर्क नहीं हो पाया। बुधवार सुबह खलीलाबाद और जीआरपी पुलिस ने फोन कर संतोष की मौत की जानकारी दी। परिवार में पत्नी और चार बच्चे संतोष के परिवार में पत्नी राधिका और चार बच्चे हैं। बेटी सपना की शादी हो चुकी है। वहीं, शिवम, सत्यम और रानी अविवाहित हैं। संतोष की मौत के बाद परिवार में मातम है। उनकी मां तारादेवी का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई ने लगाया ब्लैकमेल करने का आरोप मृतक के भाई सनोज गुप्ता ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग संतोष को ब्लैकमेल करते थे। आरोप है कि ये लोग संतोष को जाली नोट चलाने के मामले में फंसाने की धमकी देते थे। सनोज के मुताबिक, मोबाइल में मिले ऑडियो में संतोष ने कथित तौर पर उन लोगों के नाम भी बताए हैं। सनोज ने बताया कि संतोष ने इन लोगों से करीब दो लाख रुपये का कर्ज लिया था। आरोप है कि कर्ज के बदले ये लोग संतोष और उनके परिवार को तरह-तरह की धमकियां दे रहे थे। भाई का दावा है कि इन्हीं परेशानियों से तंग आकर संतोष ने आत्महत्या की। पुलिस जांच में जुटी खलीलाबाद कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मोबाइल में मिले ऑडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *