निवाड़ी-पृथ्वीपुर मार्ग पर देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक बेकाबू होकर सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक बोलेरो को धकेलता हुआ सड़क किनारे बनी नाली पार कर एक पेड़ से जा टकराया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गनीमत रही कि हादसे के वक्त कार में कोई सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। टक्कर के बाद ट्रक बोलेरो को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पास में ही एक मकान भी था, जो बाल-बाल बचा। घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में बोलेरो कार और ट्रक दोनों को काफी नुकसान पहुंचा है। सूचना मिलने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में ट्रक के तेज रफ्तार होने और अनियंत्रित होने को हादसे का कारण बताया जा रहा है।


