फतेहाबाद की एसपी निकिता खट्टर ने आम लोगों की समस्याओं के समाधान और पुलिस-जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के लिए विशेष जनसुनवाई शुरू की है। इसी कड़ी में गुरुवार को टोहाना के पुराने डीएसपी कार्यालय में जनसुनवाई हुई। इस दौरान टोहाना और आसपास के करीब 35 लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। एसपी ने सभी से बात की और उनकी समस्याएं सुनीं। निकिता खट्टर ने संबंधित थाना प्रभारियों और अधिकारियों को तुरंत और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर शिकायत पर निष्पक्ष, पारदर्शी और समय पर कार्रवाई होनी चाहिए। एसपी बोलीं- समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिकता पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कहा कि लोगों की समस्याओं का समाधान पुलिस की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पुलिस का दायित्व केवल अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय नागरिकों के साथ खड़ा रहना, उनकी समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनना तथा उन्हें न्यायसंगत एवं समयबद्ध सहायता उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायतकर्ता के साथ मैत्रीपूर्ण, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा नियमानुसार की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित शिकायतकर्ता को भी उपलब्ध करवाई जाए, ताकि पुलिस कार्यप्रणाली के प्रति आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो। जनता से प्रभावी संवाद बनाने में मिल रही सहायता : एसपी पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग का मजबूत रिश्ता ही बेहतर और प्रभावी पुलिसिंग की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक बिना किसी भय या झिझक के अपनी समस्या पुलिस के समक्ष रख सके, इसके लिए पुलिस प्रशासन निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं को सीधे समझने, उनकी शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पुलिस और जनता के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायता मिल रही है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर* ने टोहाना एवं आसपास के क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी शिकायतों एवं समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक वीरवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक थाना सदर टोहाना स्थित पुराने डीएसपी कार्यालय में आयोजित होने वाली विशेष जनसुनवाई का लाभ उठाएं।

