झालावाड़ नगर परिषद के 45 वार्डों के लिए दाखिल नामांकन पत्रों की मंगलवार को हुई जांच के बाद तीन नामांकन खारिज कर दिए गए। इसके परिणामस्वरूप कांग्रेस और भाजपा को एक-एक वार्ड में निर्विरोध जीत मिली है, जबकि एक वार्ड में सीधा मुकाबला बदल गया है। वार्ड संख्या 5 से भाजपा के प्रदीप सिंह राजावत और वार्ड संख्या 7 से कांग्रेस के महेंद्र सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। वहीं, वार्ड संख्या 31 में कांग्रेस प्रत्याशी शाहरुख का नामांकन खारिज होने के बाद अब भाजपा और आम आदमी पार्टी (आप) के प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला होगा। वार्ड 5 में भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध
झालावाड़ नगर परिषद वार्ड संख्या 5 में कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह का नामांकन होमगार्ड में सेवा करने के कारण खारिज कर दिया गया। इस वार्ड में भाजपा की ओर से प्रदीप सिंह राजावत का ही नामांकन होने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। वार्ड 7 में कांग्रेस को मिली निर्विरोध जीत
इसी तरह वार्ड संख्या 7 में भाजपा प्रत्याशी सागर कहार का नामांकन एक प्रकरण के चलते खारिज कर दिया गया। यहां कांग्रेस के महेंद्र सिंह का ही नामांकन शेष रहने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। दोनों वार्डों में नामांकन जांच के बाद केवल एक-एक प्रत्याशी मैदान में बचा था। वार्ड 31 में भाजपा-आप के बीच मुकाबला
वहीं वार्ड संख्या 31 में कांग्रेस प्रत्याशी शाहरुख का नामांकन एक प्रकरण के चलते खारिज होने से मुकाबले का समीकरण बदल गया है। अब इस वार्ड में भाजपा और आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला होगा। 45 वार्डों के लिए 157 दावेदारों ने 177 नामांकन पत्र भरे थे जानकारी के अनुसार नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन सोमवार को नगर परिषद के 45 वार्डों के लिए 157 संभावित दावेदारों ने कुल 177 नामांकन पत्र दाखिल किए थे। मंगलवार को रिटर्निंग अधिकारियों ने नामांकन पत्रों की जांच की। इस दौरान कांग्रेस और भाजपा की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों के आधार पर तीन नामांकन पत्र खारिज किए गए।

