झाबुआ में जैन समाज के युवाओं ने ‘दर्शन वंदन पूजन अभियान’ चलाया। इसके तहत अस्वस्थ बुजुर्गों को उनके घर पर ही प्रभु भक्ति का लाभ दिया गया। जो बुजुर्ग अपनी बीमारी के कारण मंदिर नहीं जा पा रहे थे, उन्हें यह सुविधा मिली। इस अभियान में युवाओं की एक टीम ढोल-नगाड़ों के साथ दिनेश्वर परमात्मा की प्रतिमा और पूजन सामग्री लेकर बुजुर्गों के घर पहुंची। उन्होंने पूरे भक्ति भाव के साथ यह पूजन करवाया। जिन वरिष्ठजनों के घर यह पूजन हुआ, उनमें अनिल और शोभना जैन, लक्ष्मी बाई मार्ग के धन्नालाल कटारिया, राधा कृष्ण मार्ग की लीलाबाई गोखरू शामिल हैं। इसके अलावा संदीप जैन ‘नेता जी’ और मुकेश रुनवाल की माताओं के घर भी विशेष पूजन किया गया। इन सभी बुजुर्गों ने अपना जीवन धर्म और समाज सेवा में लगाया है। लेकिन अब वे अपनी सेहत के कारण मंदिर नहीं जा पा रहे थे। युवाओं ने उनकी इस परेशानी को समझा और घर पर ही पूजा का इंतजाम किया। घर के माहौल में ही विधि-विधान से भगवान की प्रतिमा स्थापित कर चैत्य वंदन, पूजन और आरती की गई। घर पर ही भगवान की पूजा का मौका पाकर बुजुर्गों के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। समाज के युवाओं की इस पहल और सेवा भाव की हर तरफ तारीफ हो रही है।

