झांसी में स्कॉर्पियों गाड़ी लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। उनसे लूटी गई गाड़ी बरामद हुई है। अभी उनका एक साथी अभी फरार है। तीनों मंगलवार को मालिक से मारपीट स्कॉर्पियों गाड़ी लूट ली थी। गाड़ी में जीपीएस डिवाइड लगी थी। लोकेशन की मदद से पुलिस पीछा करते हुए मध्य प्रदेश पहुंची और 15 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश की तलाश में छापेमारी की जा रही है। थार गाड़ी से आए थे बदमाश प्रेमनगर थाना क्षेत्र के खाती बाबा निवासी मनीष कुमार शर्मा पुत्र नंदकिशोर शर्मा ने पुलिस को बताया- वह स्कॉर्पियो गाड़ी चलाता है। गाड़ी इंडियन ऑयल कंपनी में लगी है। एक सितंबर को उसने ग्वालियर रोड पर हाजी पेट्रोल पंप से गाड़ी में तेल भरवाया और घर की ओर जाने लगा। तभी सामने से आ रही बिना नंबर की थार गाड़ी ने टक्कर मार दी। विरोध करने पर थार गाड़ी में सवार 3 बदमाशों ने मारपीट शुरू कर दी और स्कॉर्पियो गाड़ी की चाबी छीन ली। इसके बाद वे गाड़ी लूटकर भाग गए। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ लूट का केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी। जीपीएस लोकेशन से पकड़े गए पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो गाड़ी में जीपीएस डिवाइड लगी थी। पीड़ित ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। तब पुलिस ने लोकेशन के आधार पर गाड़ी का पीछा किया। देर रात 12:05 बजे गाड़ी की लोकेशन मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के बनगाय मिली। तब पुलिस ने दबिश देकर बबीना के खैलार गांव निवासी बृजेंद्र यादव पुत्र राजकुमार यादव और ओरछा के बनगाय निवासी प्रद्युम यादव पुत्र धनीराम यादव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटी गई स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद कर ली। वारदात में शामिल रक्सा के अठोदना गांव निवासी राहुल यादव पुत्र मंशाराम यादव फरार है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है। तीनों आरोपियों पर पहले भी दर्ज हैं केस आरोपी बृजेन्द्र यादव का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। उस पर नवबाद थाने में पहले भी केस दर्ज है। जबकि फरार आरोपी राहुल यादव के खिलाफ डकैती, आर्म्स एक्ट, जुआ अधिनियम समेत अन्य धाराओं में 6 केस दर्ज हैं।

