Rosemary Oil: बालों का झड़ना, पतला होना और ग्रोथ धीमी होना ऐसी परेशानियां हैं, जिनसे ज्यादातर लोग लगभग हर मौसम में परेशान रहते हैं। लेकिन सर्दियों में ठंड की वजह से समय पर हेयर वॉश न करना और बालों में तेल न लगाने जैसी आदतें भी बालों की देखभाल को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि विंटर हेयर केयर में रोजमेरी ऑयल को कैसे शामिल कर सकते हैं और इसका इस्तेमाल करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
Rosemary Oil बालों में कैसे लगाएं?
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, रोजमेरी ऑयल में एंटीऑक्सीडेंट, सूजन कम करने और कुछ हानिकारक सूक्ष्मजीवों से लड़ने वाले गुण पाए जाते हैं। कुछ रिसर्च में इसे बालों के झड़ने की समस्या में मददगार पाया गया है। हालांकि, रोजमेरी एसेंशियल ऑयल को सीधे स्कैल्प पर लगाने से जलन हो सकती है। इसलिए इसे नारियल तेल या जोजोबा ऑयल जैसे कैरियर ऑयल में मिलाकर इस्तेमाल करना चाहिए। इससे स्कैल्प में जलन होने का खतरा कम हो सकता है।
Rosemary Oil से स्कैल्प की मसाज कैसे करें?
क्लीवलैंड क्लिनिक (Cleveland Clinic) के अनुसार, रोजमेरी ऑयल को बालों पर लगाने के बजाय स्कैल्प तक पहुंचाना जरूरी है। इसे स्कैल्प पर लगाकर उंगलियों से हल्के हाथों से मसाज करें। मसाज करते समय नाखूनों से सिर की त्वचा को न रगड़ें, क्योंकि इससे स्कैल्प में जलन हो सकती है। ध्यान रखें कि तेल आंखों में न जाए।
Rosemary Oil को बालों में कितनी देर लगाकर रखें?
रोजमेरी ऑयल को स्कैल्प पर लगाने के बाद कुछ घंटों तक छोड़ सकते हैं। इसे रात में लगाकर सुबह बाल धो भी सकते है। हालांकि, इसे कितनी देर तक लगाकर रखना चाहिए, यह इस्तेमाल किए जा रहे प्रोडक्ट और उसके निर्देशों पर निर्भर करता है। अगर तेल लगाने के बाद स्कैल्प में जलन, खुजली या लालिमा महसूस हो, तो इसे धो लें और इस्तेमाल बंद कर दें।
Rosemary Oil इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान
रोजमेरी ऑयल का इस्तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। इसे सीधे स्कैल्प पर लगाने के बजाय किसी कैरियर ऑयल में मिलाकर इस्तेमाल करें। पहली बार लगाने से पहले स्कैल्प के छोटे हिस्से पर लगाकर देखें कि कोई परेशानी तो नहीं होती। अगर खुजली, जलन, लालिमा या सूजन जैसी परेशानी हो, तो इसका इस्तेमाल बंद कर दें।
सर्दियों में बालों की ऐसे करें देखभाल
- बालों को धीरे-धीरे कंघी करें, ताकि वे आपस में उलझें नहीं।
- ऐसे शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करें, जो आपके बालों के हिसाब से सही हों।
- बाल धोने के लिए गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। बहुत गर्म पानी स्कैल्प और बालों का रूखापन बढ़ा सकता है।
- बाल धोने के बाद तौलिए से उन्हें जोर-जोर से न रगड़ें। हल्के हाथों से पानी सुखाएं, ताकि बालों के टूटने का खतरा कम हो।
डिस्क्लेमर: यह लेख इंटरनेट पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर सामान्य जागरूकता के उद्देश्य से लिखा गया है। यह किसी भी मेडिकल सलाह का विकल्प नहीं है। बालों के झड़ने से जुड़ी परेशानी होने पर विशेषज्ञ से सलाह लें।

