झटका मशीन से 6 साल की बच्ची की मौत:सुल्तानपुर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया शव, परिजनों ने DM से आर्थिक मदद मांगी

झटका मशीन से 6 साल की बच्ची की मौत:सुल्तानपुर में सुपुर्द-ए-खाक किया गया शव, परिजनों ने DM से आर्थिक मदद मांगी

सुल्तानपुर के लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के घरवासपुर गांव में एक झटका मशीन की चपेट में आने से 6 वर्षीय बच्ची साजिया की मौत हो गई। यह घटना शनिवार दोपहर करीब 11:30 बजे हुई। बच्ची को रविवार रात 10:55 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया गया, जब उसके पिता मुंबई से पहुंचे। जानकारी के अनुसार, साजिया अपने घर के पास खेल रही थी और इसी दौरान वह किसान मुरारी पांडेय के खेत में पहुंच गई। खेत में लगी झटका मशीन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका साजिया के माता-पिता दोनों दिव्यांग हैं। पीड़ित परिवार ने डीएम और एसडीएम को पत्र सौंपकर न्याय और सरकारी आर्थिक सहायता की मांग की है। बच्ची के दादा होवदार ने शासन स्तर से आर्थिक सहायता, सरकारी मदद और विकलांग/वृद्ध पेंशन की सुविधा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है, ताकि असहाय परिवार का भरण-पोषण हो सके।
घटना की सूचना मिलने पर लंभुआ पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस चौकी रूपी का पूरा के प्रभारी उप निरीक्षक रविंद्र सिंह अपने हमराहियों के साथ मौजूद थे। बच्ची के पिता इमरान के मुंबई से आने के बाद रविवार रात को साजिया को सुपुर्द-ए-खाक किया गया। साजिया तीन बहनों में दूसरी थी। परिजनों के अनुसार, उनकी पहली बेटी की पहले ही मौत हो चुकी है। अब परिवार में डेढ़ साल की एक छोटी बेटी बची है। बच्ची के पिता इमरान मुंबई में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। इस संबंध में एएसपी बृजनारायण सिंह ने बताया कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन द्वारा विभिन्न तहसीलों में उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में टीमें गठित कर कार्रवाई की गई है। इन टीमों ने कुछ गांवों में जाकर ऐसे स्थानों को चिह्नित किया है और कुल 64 जगहों पर विद्युत उपकरणों को सीज किया है। एएसपी ने यह भी बताया कि इन विद्युत उपकरणों के विक्रेताओं को भी चिह्नित किया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की कोई भी घटना दोबारा सामने आती है, तो आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *