झज्जर में प्लास्टिक यूज पर दुकानदारों के काटे चालान:प्रतिबंधित कैरी बैग की बिक्री पर कार्रवाई, ₹46 हजार का ठोका जुर्माना

झज्जर में प्लास्टिक यूज पर दुकानदारों के काटे चालान:प्रतिबंधित कैरी बैग की बिक्री पर कार्रवाई, ₹46 हजार का ठोका जुर्माना

झज्जर में प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का इस्तेमाल और बिक्री करने वाले दुकानदारों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। झज्जर में चलाए गए विशेष निरीक्षण अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने पर 10 दुकानदारों के चालान किए गए। इन पर कुल 46 हजार रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य प्लास्टिक प्रदूषण पर अंकुश लगाना और बाजारों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाना है। डीसी के आदेशों पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद झज्जर की संयुक्त टीम ने शहरी क्षेत्र में दुकानों का निरीक्षण किया। टीम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग के इस्तेमाल और बिक्री से जुड़े नियमों की जांच की। जहां नियमों का उल्लंघन मिला, वहां नियमानुसार चालान किए गए। किसी पर 10 हजार तो किसी पर 500 रुपए का जुर्माना हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. सुनील श्योराण ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अलग-अलग श्रेणियों में कुल 10 चालान किए गए। इनमें 10 हजार रुपए के चार चालान कर 40 हजार रुपए, 1500 रुपए के तीन चालान कर 4,500 रुपए और 500 रुपए के तीन चालान कर 1500 रुपए का जुर्माना निर्धारित किया गया। इस तरह कुल 46 हजार रुपए की जुर्माना राशि निर्धारित की गई। कार्रवाई में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जेई सोनू बिधान और नगर परिषद झज्जर के सेनेटरी इंस्पेक्टर आनंद मलिक शामिल रहे। दुकानदारों को चेतावनी, प्लास्टिक की जगह अपनाएं विकल्प क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. सुनील श्योराण ने दुकानदारों और व्यापारियों से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक कैरी बैग का इस्तेमाल व बिक्री नहीं करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण पर्यावरण के लिए गंभीर चुनौती है। इस पर नियंत्रण के लिए नियमों का पालन करना जरूरी है। उन्होंने व्यापारियों से ग्राहकों को प्लास्टिक कैरी बैग के बजाय कपड़े या अन्य पर्यावरण अनुकूल थैलों का इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। आमजन से भी खरीदारी के दौरान अपने साथ पुनः इस्तेमाल किए जा सकने वाले थैले लेकर आने की अपील की गई। कार्रवाई के साथ जागरूकता पर भी जोर जिला प्रशासन की ओर से पर्यावरण संरक्षण के लिए नियमों की पालना सुनिश्चित करने के साथ लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और प्रतिबंधित कैरी बैग से दूरी बनाने में दुकानदारों के साथ आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। प्रशासन का संदेश स्पष्ट है कि स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण के लिए नियमों का पालन करने के साथ दैनिक जीवन में भी पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनानी होंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *