मथुरा के वृंदावन में देर रात एक ज्वैलर्स के मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। शहर के घनी बस्ती इलाके में आग लगने की सूचना पुलिस और दमकल कर्मियों को दी गई। सूचना मिलने पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगना माना जा रहा है। बनखंडी इलाके में लगी आग वृंदावन के वनखंडी इलाके में अजय अग्रवाल की ज्वैलर्स की दुकान है। अजय की दुकान के ऊपर ही मकान बना हुआ है। जहां वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। इसी मकान में रात लगभग 2 बजे मकान के बाहरी हिस्से से धुआं निकलना शुरू हुआ। गहरी नींद में सोए परिवार को इसकी जानकारी नहीं हुई। कुछ ही देर में बाहर लगी AC की आउट डोर यूनिट के पास से आग की लपटें निकलने लगी। पड़ोसियों ने मचाया शोर देर रात अजय अग्रवाल के मकान से आग की लपटें निकलते देख पड़ोसियों ने शोर मचाया। इसके साथ ही पुलिस और दमकल को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही इलाका पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई। लेकिन आग पहली मंजिल पर लगी होने और नीचे से दुकान का गेट बंद होने के कारण दमकल कर्मियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने पहले नीचे से ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया इसके बाद सीढ़ी लगाकर बाहर से ऊपर चढ़े। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बड़ा हादसा होने से बच गया।

