जुलाना में तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव PHOTOS:मकान की दीवार ढही, पुलिस थाने और नगर पालिका कार्यालय में भरा पानी

जुलाना में तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव PHOTOS:मकान की दीवार ढही, पुलिस थाने और नगर पालिका कार्यालय में भरा पानी

जींद जिले के जुलाना में शनिवार सुबह हुई तेज बरसात के कारण कस्बे की गलियों, मुख्य बाजार, पुलिस थाना और नगर पालिका कार्यालय परिसर में जलभराव हो गया। इससे आवागमन बाधित हुआ और स्थानीय निवासियों, दुकानदारों तथा सरकारी कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं तेज बारिश के चलते एक मकान की दीवार भी गिर गई। तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा होने से राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतें हुईं। पुलिस थाने और नगर पालिका कार्यालय परिसर में पानी भरने से कर्मचारियों और विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले लोगों को अपने कामकाज निपटाने में बाधा आई। स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि बरसात के दौरान जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण हर बार ऐसी स्थिति बनती है। पानी निकासी के लिए बनी नालियों में गाद और कचरा जमा होने से बरसाती पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। हल्की बारिश में हो जाता है जलभराव जुलाना में जलभराव की यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है। हल्की बारिश में भी कई गलियों में पानी जमा हो जाता है, जबकि तेज बरसात होने पर स्थिति और गंभीर हो जाती है। लोगों ने प्रशासन से बरसात से पहले नालियों की सफाई करवाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की है। शनिवार को हुई इस बारिश से जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जलभराव की समस्या ने नगरपालिका की जल निकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसके अलावा तेज बारिश के कारण वार्ड 10 स्थित एक मकान की दीवार भी गिर गई। यहां की रहने वाली विधवा प्रमिला देवी ने बताया कि आज सुबह हुई बारिश के चलते उनके मकान की दीवार ढह गई। उन्होंने प्रशासन से मुआवजा दिए जाने की मांग की है। यहां देखें फोटो…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *