सीहोर के आवली घाट पर नर्मदा नदी में मंगलवार को नहाते समय 20 वर्षीय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। शव की पहचान रायसेन जिले के दिलारी बमोरी निवासी सोहन अहरिवार के रूप में हुई। वह अपने पिता मानसिंह अहरिवार के साथ आया था। जानकारी के अनुसार, सोहन नहाते समय गहरे पानी में चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूब गया। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक उसकी जान जा चुकी थी। नवरात्रि पर्व से ठीक पहले प्रशासन ने नर्मदा घाटों पर सुरक्षा के लिए गोताखोरों की तैनाती और बैरिकेडिंग के दावे किए थे। इस घटना ने इन व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घाटों पर चेतावनी बोर्ड और पर्याप्त बैरिकेडिंग नहीं दिखी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। एसडीओपी रवि शर्मा ने मृतक की पहचान की पुष्टि की।

