जालंधर के बस्ती इलाके स्थित भार्गव कैंप से एक युवक का नशे में झूमते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने नशे से पीड़ित व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। हालांकि, आमतौर पर पुलिस नशा पीड़ितों को सुधार के लिए नशा मुक्ति केंद्र भेजती है, लेकिन इस मामले में सीधे पर्चा दर्ज करने से पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं।
भार्गव कैैंप थाने का वायरल हुआ था वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुई यह वीडियो भार्गव कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते बुड्ढा मल पार्क के पास की बताई जा रही है। वीडियो में दिख रहा युवक बिजली के खंभे का सहारा लेकर खड़ा होने की नाकाम कोशिश कर रहा है। वह नशे की हालत में पूरी तरह से खुद को संभालने में असमर्थ दिख रहा था।
इलाके के कुछ स्थानीय युवकों ने जब उसे इस हालत में देखा तो अपने मोबाइल से उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो रिकॉर्ड कर रहे युवकों ने बताया कि भार्गव कैंप के बुड्ढा मल ग्राउंड के पास अक्सर ऐसा नजारा देखने को मिलता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जैसे ही उन्होंने वीडियो बनाना शुरू किया, पास में खड़े कुछ अन्य संदिग्ध युवक अपनी बाइक लेकर वहां से रफूचक्कर हो गए।
पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार किया वीडियो का संज्ञान लेते ही जालंधर पुलिस ने तुरंत इलाके में छापेमारी की और युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा की गई जांच में युवक की पहचान वरुण, पुत्र रवि कुमार, निवासी भार्गव कैंप के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी युवक के पास से नशीले पदार्थ (NDPS की रिकवरी) बरामद हुए हैं, जिसके आधार पर भार्गव कैंप थाने में उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच के दौरान यह बात भी सामने आई है कि आरोपी वरुण का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उस पर पहले से ही एक मामला दर्ज है और वह कपूरथला जेल में बंद रह चुका है।

