जालंधर में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, वहीं पुलिस की ढिलमुल कार्यप्रणाली से परेशान होकर अब पीड़ितों को खुद ही सबूत जुटाने पड़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला टिकिया वाले चौक के पास स्थित प्राइमरी स्कूल की गली से सामने आया है, जहां बीते 1 सितंबर को एक युवक की मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पीड़ित द्वारा सीसीटीवी फुटेज में चोर की स्पष्ट तस्वीर निकालकर पुलिस को सौंपने और लिखित शिकायत दर्ज कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। बस्ती बावा खेल के राज नगर (मकान नं. 19) निवासी पीड़ित राज कुमार पुत्र हरबंस लाल ने बताया कि वह टिकिया वाले चौक के पास ‘सोनी बुटीक’ में काम करते हैं। 1 सितंबर को सुबह करीब 11:00 बजे उन्होंने अपनी बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल (नंबर PB 08 DD 8164, मॉडल 2015) पास ही के प्राइमरी स्कूल वाली गली में खड़ी की थी। जब वह रात करीब 9:15 बजे काम खत्म कर घर जाने लगे, तो वाहन गायब था।
पुलिस में की शिकायत, नहीं हुई कोई कार्रवाई पीड़ित ने घटना की तुरंत लिखित शिकायत थाना डिवीजन नंबर 4 में दर्ज करवाई, जहां शिकायत अधिकारी संजीव बाबा ने प्राप्त की। शिकायत पत्र में पीड़ित ने आशंका जताई है कि असामाजिक तत्व उनकी चोरी हुई बाइक का किसी गलत काम या वारदात में इस्तेमाल न कर लें। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद जब पुलिस ने चोर को पकड़ने की जहमत नहीं उठाई, तो उन्होंने खुद मशक्कत करके सीसीटीवी फुटेज निकलवाई, जिसमें चोर बाइक ले जाता हुआ साफ नजर आ रहा है।
पीड़ित सिर्फ थाने का काट रहा चक्कर राजकुमार ने मीडिया से बातचीत में पुलिस की सुस्त कार्यशैली पर कड़ा रोष जताया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी केवल आश्वासन देते हैं और बार-बार चक्कर कटवाते हैं, लेकिन कोई जमीनी कार्रवाई नहीं करते। पीड़ित ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस जल्द फुटेज के आधार पर चोर को गिरफ्तार कर उनकी बाइक बरामद नहीं करती है, तो वह पूरे मामले के सबूत और तस्वीरें लेकर सीधे पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाएंगे।

