जालंधर के गढ़ा में दामाद का ससुराल वालो पर हमला:जबरन घर में घुसकर गंडासे से किया जानलेवा हमला, पत्नी, सास और साले को पीटा

जालंधर के गढ़ा में दामाद का ससुराल वालो पर हमला:जबरन घर में घुसकर गंडासे से किया जानलेवा हमला, पत्नी, सास और साले को पीटा

जालंधर के थाना नंबर 7 के अधीन आते गढ़ा इलाके में एक दामाद द्वारा अपने ही ससुराल वालों पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोपी पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपनी सास, पत्नी और साले के साथ जमकर मारपीट की तथा उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं। पीड़िता और उसकी मां ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
दो साल पहले हुई थी शादी जानकारी के अनुसार, पीड़िता का विवाह करीब दो साल पहले गढ़ा निवासी रोहित कुमार प्रेमा के साथ हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति बिना किसी वजह के उस पर चरित्र शंका करता है और नशे की हालत में उसके साथ लगातार मारपीट करता है। पति के रोज-रोज के मानसिक और शारीरिक अत्याचारों से तंग आकर पीड़िता बीते 18 तारीख से गढ़ा बाजार स्थित अपने मायके (मकान नंबर 827) में रह रही थी।
पीड़िता की मां गीता ने बताया कि आरोपी रोहित अपनी पत्नी को जबरन घर वापस ले जाने का दबाव बना रहा था। देर रात करीब 3:10 बजे रोहित अपने एक साथी बबली के साथ हथियारों से लैस होकर उनके घर पहुंचा। डर के मारे जब परिवार ने दरवाजा नहीं खोला, तो आरोपियों ने हथियारों के बल पर दरवाजे की कुंडी तोड़ दी और जबरन घर में घुस आए। अंदर आते ही आरोपियों ने सास और साले पर हमला कर दिया और पीड़िता को घसीटकर ले जाने का प्रयास किया।
5 अन्य युवकों को साथ लेकर दोबारा मायके पहुंचा इसके बाद आरोपी सुबह करीब 7:00 बजे 5 अन्य युवकों को साथ लेकर दोबारा पीड़िता के मायके पहुंचा। आरोपियों ने घर का पिछला दरवाजा तोड़ दिया और सीधे बेडरूम में घुस गए, जहां परिवार के लोग सो रहे थे। हमलावरों ने गंडासे और अन्य धारदार हथियारों से सोते हुए परिवार पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में पीड़िता की मां के सिर और कमर पर गंभीर चोटें आईं। पीड़िता का कहना है कि उसका पति काफी गुस्सैल और दबंग किस्म का इंसान है, जो अपने परिवार में भी सभी से मारपीट करता है। उसने पीड़िता के परिवार को गोलियों से उड़ाने की धमकी दी है और दावा किया है कि पुलिस में उनकी कोई सुनवाई नहीं होगी। इलाके के लोग भी आरोपी के खौफ के कारण पीड़िता के पक्ष में आगे आने या वीडियो सबूत देने से डर रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने थाना नंबर 7 में दी शिकायत इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना नंबर 7 में पहुंचकर आरोपी पति रोहित कुमार प्रेमा और उसके साथी बबली के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें न्याय दिलाया जाए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *