Jamia University Controversy: दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में विवादित नारों और छात्र प्रदर्शनों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसको लेकर तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कांग्रेस पर विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधा है। उन्होंने इंडिया गठबंधन पर आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल ऐसे तत्वों का समर्थन कर रहे हैं, जो देश के हितों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल हैं।
बीजेपी अध्यक्ष राव ने आगे कहा कि यूनिवर्सिटी परिसर में हाल में हुए प्रदर्शन एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र संगठनों के कुछ कट्टरपंथी नेटवर्क को विपक्षी राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है।
शरजील इमाम के समर्थन में नारे लिखे जाने का दावा
तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष रामचंदर राव ने यह भी दावा कि यूनिवर्सिटी की दीवारों पर शरजील इमाम के समर्थन में नारे लिखे गए हैं। उन्होंने कहा कि इस घटना से उन लोगों की भूमिका सामने आ रही है, जिन्हें उन्होंने ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ और देशविरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों से जुड़ा बताया।
उन्होंने कहा कि शरजील इमाम नागरिकता संशोधन कानून (CAA) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) के खिलाफ 2019-2020 के प्रदर्शनों से जुड़े मामलों में कानूनी कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।
बीजेपी नेता ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर इस मुद्दे पर चुप्पी साधने का आरोप लगाया। उनके मुताबिक, विपक्षी दलों की चुप्पी से छात्रों को देश के हितों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रोत्साहन मिल सकता है।
विदेशी साजिश का भी लगाया आरोप
बीजेपी नेता रामचंदर राव ने जामिया में जारी प्रदर्शनों को लेकर विदेशी साजिश की आशंका भी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अराजकता फैलाने और भारत को अस्थिर करने के उद्देश्य से इन गतिविधियों को विदेश से प्रायोजित किया जा रहा है।
जामिया में सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
बता दें कि यह विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब यूनिवर्सिटी में छात्र प्रदर्शनों के बीच विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा का हवाला देते हुए कक्षाओं को ऑनलाइन माध्यम से संचालित करने का फैसला किया।
परिसर में विरोध-प्रदर्शनों और कथित विवादित नारों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

