जयपुर में देर रात स्कूटी पर निकले कलेक्टर:परकोटे में देखी सफाई व्यवस्था, निकाय चुनाव की व्यवस्थाओं को लेकर लिया अपडेट

जयपुर में देर रात स्कूटी पर निकले कलेक्टर:परकोटे में देखी सफाई व्यवस्था, निकाय चुनाव की व्यवस्थाओं को लेकर लिया अपडेट

शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने जिला कलेक्टर संदेश नायक मंगलवार देर रात सड़कों पर निकले। खास बात यह रही कि कलेक्टर सरकारी वाहन के बजाय स्कूटी पर सवार होकर परकोटे में निरीक्षण करने पहुंचे। अजमेरी गेट से शुरू हुए इस दौरे में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (पूर्व) नरेंद्र कुमार वर्मा उनके साथ रहे। एडीएम वर्मा स्कूटी चला रहे थे, जबकि कलेक्टर ने पीछे बैठकर शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। देर रात किए गए निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परकोटे के विभिन्न इलाकों में सफाई व्यवस्था की स्थिति देखी और मौके पर अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने नालियों की सफाई, रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था की बीट और खाने-पीने की दुकानों के आसपास जमा कचरे के निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। निकाय चुनाव की व्यवस्थाओं का भी लिया अपडेट निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निकाय चुनाव को लेकर लागू आचार संहिता और उससे जुड़े प्रशासनिक अपडेट भी अधिकारियों से लिए। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था के साथ चुनावी व्यवस्थाओं को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। पहले भी स्कूटी से कर चुके हैं शहर का निरीक्षण कलेक्टर संदेश नायक की कार्यप्रणाली को प्रशासनिक स्तर पर सक्रिय और प्रभावी माना जाता रहा है। वह लंबे समय तक मुख्यमंत्री के सचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके बाद उन्हें जयपुर जिला कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई। कलेक्टर इससे पहले भी स्कूटी पर शहर का जायजा लेने निकल चुके हैं। देर रात किया गया यह निरीक्षण शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी और उपायुक्त राजस्व नवीन भारद्वाज भी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *