Jaipur Central Park Kidnapping Case: ‘सेंट्रल पार्क’ अब असुरक्षित होता जा रहा है। प्रदेश के डीजीपी और मुख्य सचिव के सरकारी आवास से महज डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित इस पार्क में गुरुवार सुबह लग्जरी कार सहित सीए राजीव गुप्ता का अपहरण सुरक्षा व्यवस्था के दावों को बेनकाब करता है। जहां रोज सुबह आईएएस, आईपीएस, जज, राजनेता सहित कई वीआईपी सैर करने आते हैं, वहां खुलेआम हथियार दिखाकर अपहरण की वारदात अंजाम देना सुरक्षा इंतजामों पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
परिजन तक पहुंचा एसओएस अलर्ट
राजधानी जयपुर में मोतीडूंगरी निवासी सीए राजीव गुप्ता रोज की तरह सेंट्रल पार्क में वॉक के लिए आए थे। सुबह करीब 7:30 बजे जैसे ही वे पार्क के गेट नंबर-4 पर खड़ी अपनी मर्सिडीज का लॉक खोलने लगे, बिना नकाब पहने दो बदमाशों ने रिवॉल्वर और चाकू दिखाकर उन्हें बंधक बना लिया।
कार में हाथापाई के दौरान गिरे सीए के मोबाइल से परिजन को गए ‘इमरजेंसी (एसओएस) अलर्ट’ और आमेर में कार के नाले में दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उनकी जान बच सकी। रिश्तेदार हैरान है कि बिना किसी से विवाद या रंजिश के शहर के वीआइपी पार्क की पार्किंग से इस तरह अपहरण कैसे हो गया?

सेंट्रल पार्क में पहले भी हो चुकी हैं कई वारदात, किसी की हत्या तो किसी के साथ लूट
गला रेतकर हत्याः सेंट्रल पार्क परिसर के भीतर ही बदमाशों ने रेखा नाम की युवती की गला रेतकर हत्या कर दी थी।
व्यापारी समझ चालक को मारी गोली: पार्क में घूमने आए व्यापारी नवीन सिंघल की जगह बदमाशों ने पार्किंग में बैठे चालक अरविंद शर्मा का कार सहित अपहरण कर लिया था। विरोध करने पर चालक के पैर में गोली मारी और गलत व्यक्ति के अपहरण का पता चलने पर बगरू टोल के पास फेंककर भाग गए थे।
महिला को बेहोश कर लूटाः वॉक कर रहीं बजाज नगर निवासी अनुराधा शर्मा को बदमाश ने गला दबाकर बेहोश कर दिया था और सोने-चांदी के गहने लूटकर चंपत हो गया था।
गाड़ी से लाखों पारः पार्क की पार्किंग में खड़ी सीनियर एग्जीक्यूटिव संदीप मिश्रा की कार से बदमाश झांसा देकर 4 लाख रुपए की नकदी उड़ा ले गए थे।

