जबलपुर में लेडी एल्गिन अस्पताल के ब्लड बैंक में पदस्थ डॉक्टर तुषार गुप्ता के साथ मोबाइल लूट की वारदात हुई है। बुधवार को वे रोज की तरह घूमने के लिए जीरो डिग्री गए थे। मेन रोड पर पैदल चलते हुए मोबाइल पर बात कर रहे थे। तभी बिना नंबर की काले रंग की बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पास पहुंचे और झपट्टा मारकर मोबाइल लूटकर फरार हो गए। मोबाइल की कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है। डॉक्टर ने बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे भागने में सफल रहे। मुंह पर कपड़ा बांधकर आए थे बदमाश डॉ. तुषार गुप्ता कचनार सिटी के गेट नंबर-2 के पास रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि बुधवार को वे जीरो डिग्री की ओर पैदल घूमने गए थे। मेन रोड पर पहुंचने के दौरान उनके मोबाइल पर कॉल आया। वे चलते हुए बात कर रहे थे, तभी बाइक सवार दो युवक नजदीक आए और मोबाइल छीनकर भाग निकले। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंक रखे थे। CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश वारदात के बाद डॉक्टर विजय नगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में बिना नंबर की काले रंग की बाइक पर दो युवक दिखाई दे रहे हैं। विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज के मुताबिक, बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी ने जल्द आरोपियों को पकड़ने की बात कही है।

