कराची में फंसा प्रयागराज का मर्चेंट नेवी अफसर:रिटायर्ड फौजी पिता ने सरकार से लगाई गुहार, परिवार वापसी का इंतजार कर रहा

कराची में फंसा प्रयागराज का मर्चेंट नेवी अफसर:रिटायर्ड फौजी पिता ने सरकार से लगाई गुहार, परिवार वापसी का इंतजार कर रहा

प्रयागराज के बघला गांव निवासी मर्चेंट नेवी के चीफ ऑफिसर विनीत किशोर मिश्रा की घर वापसी का इंतजार कर रहा परिवार अब उनकी सुरक्षा को लेकर चिंतित है। परिजनों के मुताबिक, विनीत पाकिस्तान के कराची बंदरगाह के पास जहाज एमवी केवर पर फंसे हुए हैं। उनकी पत्नी नेहा मिश्रा ने भारत सरकार से हस्तक्षेप कर उन्हें सुरक्षित वापस लाने की मांग की है। परिवार ने गृह सचिव को पत्र भेजकर संबंधित विभागों और भारतीय दूतावास के माध्यम से आवश्यक कदम उठाने की अपील की है। फरवरी 2026 में घर से निकले विनीत के वापस नहीं लौट पाने से पत्नी, बच्चों और अन्य परिजन परेशान हैं। करीब दस वर्षों से मर्चेंट नेवी में कर रहे नौकरी विनीत किशोर मिश्रा (35) पुत्र ललित किशोर मिश्रा, लालापुर थाना क्षेत्र के बघला गांव के निवासी हैं। परिजनों के अनुसार, वह लगभग दस वर्षों से विदेश में रहकर मर्चेंट नेवी में काम कर रहे हैं। फरवरी में घर से जाने के बाद वह वापस नहीं लौट सके। अप्रैल से उनके कराची बंदरगाह के पास जहाज पर फंसे होने की जानकारी मिली। दो छोटे बच्चों को पिता की वापसी का इंतजार विनीत की पत्नी नेहा मिश्रा के साथ उनका दो वर्षीय बेटा वेदांश और दस माह की बेटी वर्तिका है। लंबे समय से पिता की अनुपस्थिति और सीमित संपर्क के चलते परिवार उनकी वापसी को लेकर चिंतित है। परिजनों के मुताबिक, विनीत से करीब दो सप्ताह में एक या दो बार ही फोन पर बात हो पाती है। उनके पिता ललित किशोर मिश्रा ने बताया कि पांच दिन पहले बेटे से उनकी बातचीत हुई थी। ललित किशोर मिश्रा वर्ष 2003 में सेना से सेवानिवृत्त हुए थे और अब खेती-किसानी करते हैं। विनीत के भाई का नाम नागेंद्र मिश्रा है। गृह सचिव को पत्र भेजकर मांगी मदद परिवार ने केंद्र सरकार से संबंधित अधिकारियों, भारतीय दूतावास और अन्य विभागों के बीच समन्वय कर विनीत की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने की मांग की है। परिजनों को उम्मीद है कि सरकार के हस्तक्षेप से मामले में आवश्यक कार्रवाई होगी और वह जल्द घर लौट सकेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *