छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पर गुरुवार रात ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार अचानक प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गई। कार का एक पहिया प्लेटफॉर्म से नीचे उतरकर रेलवे ट्रैक की ओर चला गया। गनीमत रही कि उस समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना रात करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। आरपीएफ थाना प्रभारी उषा बिसेन के मुताबिक, शंकर नगर, लोनिया करबल निवासी 58 वर्षीय अजय कुमार कच्छ कार क्रमांक MP 28 ZH 5279 चलाते हुए प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गए। ट्रैक की ओर उतर गया कार का पहिया कार का एक पहिया जैसे ही प्लेटफॉर्म से नीचे उतरकर ट्रैक की ओर गया, वहां मौजूद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर आरपीएफ पहुंची और स्थिति को संभाला। अगर उसी समय ट्रैक पर ट्रेन आ रही होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि, ट्रैक खाली होने के कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। आरपीएफ ने दर्ज किया मामला मामले में आरपीएफ ने कार चालक के खिलाफ रेल अधिनियम की धाराओं 153, 147, 159, 146 और 145 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। आरपीएफ के अनुसार, कार्रवाई यात्रियों की सुरक्षा खतरे में डालने, रेलवे क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश, निर्देशों की अनदेखी, रेलवे कर्मचारी के काम में बाधा और न्यूसेंस समेत अन्य आरोपों में की जा रही है। फिलहाल आरपीएफ पूरे मामले की जांच कर रही है।

