कोरबा के बांकीमोंगरा में 4 नंबर मेन रोड स्थित दीप्ति मोबाइल शॉप को चोरों ने दूसरी बार निशाना बनाया। चोर छत का पैराफिट और टीन तोड़कर दुकान में घुसे। यहां से डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा, डीवीआर की हार्ड डिस्क सहित करीब 50 से 60 हजार रुपए का सामान चोरी कर ले गए। दुकान संचालक सरवन साहू सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो छत का टीन खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान बिखरा पड़ा था। चोर दुकान में लगे सीसीटीवी का डीवीआर भी ले गए, ताकि उनकी पहचान न हो सके। संचालक के मुताबिक, इससे पहले भी उनकी दुकान में चोरी हुई थी, लेकिन उस समय भी चोर नहीं पकड़े जा सके थे। रूमगढ़ा में 6 दुकानों को बनाया निशाना, 4 में चोरी बालको थाना क्षेत्र के रूमगढ़ा में भी एक दिन पहले चोरों ने 6 दुकानों को निशाना बनाया। इनमें से 4 दुकानों में चोरी करने में सफल रहे, जबकि 2 दुकानों में चोरी की कोशिश नाकाम रही। लगातार हो रही घटनाओं से दुकानदारों में दहशत और आक्रोश है। व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। मौके पर मिला हंसिया और लोहे का औजार घटनास्थल पर पुलिस को हंसिया और एल-नुमा लोहे का औजार मिला है। आशंका है कि इसी औजार से छत तोड़ी गई। सूचना मिलने पर बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दुकान संचालक की शिकायत पर अपराध क्रमांक 211/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) और 305 में केस दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपियों की तलाश जारी पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस के सामने आरोपियों को पकड़ने, चोरी गए सामान की बरामदगी करने और व्यापारियों का भरोसा बहाल करने की चुनौती है।

