झांसी के वीरांगना लक्ष्मीबाई रेलवे स्टेशन पर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन में 50 लाख रुपए की चांदी पकड़ी गई है। पिता-पुत्र चांदी को भोपाल से ग्वालियर ले जा रहे थे। चेकिंग के दौरान जीआरपी को शक हुआ तो दोनों के बैग चेक किए गए। तब उसमें 20.05 किलोग्राम चांदी के आभूषण मिले। दोनों आभूषणों के बिल पेश नहीं कर पाए और न ही संतुष्ट जबाव दे पाए। अब जीआरपी ने आगे की कार्रवाई के लिए पूरा मामला राज्य कर विभाग के अफसरों को सौंप दिया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। स्लीपर कोच में सवार थे दोनों जीआरपी थाना प्रभारी विवेक कुमार श्रीवास्तव और अनुभागीय स्वाट टीम के दरोगा संदीप सिंह सेंगर अपने टीमों के साथ रेलवे स्टेशन पर संयुक्त रूप से चेकिंग कर रहे थे। दोपहर लगभग एक बजे ट्रेन संख्या 18237 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर 5 पर पहुंची। टीम चेकिंग करते हुए प्लेटफार्म 5 पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर स्लीपर कोच में दो युवक सकपका गए। शक होने पर दोनों को टीम ने काबू कर लिया। उनकी पहचान भोपाल निवासी लखविंदर सिंह और उसके बेटे बबलीन सिंह के रूप में हुई। वर्तमान में दोनों पंजाब के अमृतसर में रह रहे हैं। दोनों पीठ पर दो बैग लादे थे। जांच में पता चला कि बैग में चांदी के गहने भरे हैं। इस पर जीएसटी अफसरों को मौके पर बुलाकर बैग चेक किए गए। दोनों बैग से 9 डिब्बों में 20.05 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद हुए। जिनकी बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपए है। दोनों चांदी के बारे में कोई हिसाब नहीं दे पाए। इस पर आगे की कार्रवाई के लिए जीएसटी के सहायक आयुक्त मृत्युंजय सिंह और जीएसटी अधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह को सूचना दी गई। अब आगे की जांच जीएसटी विभाग करेगा।

