छतरपुर जिला अस्पताल में प्रसव के बाद 30 वर्षीय रुचि त्रिपाठी की हालत गंभीर हो गई। उन्हें पीएमश्री एयर एंबुलेंस से भोपाल के चिरायु मेडिकल कॉलेज भेजा गया। रुचि आयुष्मान कार्डधारी हैं। कलेक्टर मृणाल मीना के निर्देश पर यह प्रक्रिया तुरंत पूरी की गई।
ईशानगर की रुचि त्रिपाठी को 29 सितंबर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. निधि खरे ने उनका परीक्षण किया। प्रसव के बाद उन्हें PPH (प्रसवोत्तर अत्यधिक रक्तस्राव), शॉक और सेप्टीसीमिया हो गया, जिससे उनकी स्थिति बिगड़ गई।
डॉ. शरद चौरसिया ने सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता को जानकारी दी, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम ने उन्हें भोपाल रेफर करने का फैसला किया। जिले से अब तक 16 मरीज इस पीएमश्री एयर एंबुलेंस योजना का लाभ ले चुके हैं।
मरीज को 108 एंबुलेंस से खजुराहो एयरपोर्ट ले जाया गया, जहां से एयर एंबुलेंस द्वारा भोपाल पहुंचाया गया। भोपाल एयरपोर्ट से फिर 108 एंबुलेंस से चिरायु मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।

