चोरी और अवैध कटाई के मामलों में कार्रवाई:सोलर प्लांट चोरी में एक गिरफ्तार; सागौन तस्करी में 5 पकड़े

चोरी और अवैध कटाई के मामलों में कार्रवाई:सोलर प्लांट चोरी में एक गिरफ्तार; सागौन तस्करी में 5 पकड़े

बुरहानपुर जिले में चोरी और अवैध सागौन कटाई के मामलों में पुलिस और वन विभाग ने कार्रवाई की है। नेपानगर के फरवरी 2026 के सोलर प्लांट चोरी मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसके 5-6 साथियों के नाम सामने आए हैं। वहीं शाहपुर वन परिक्षेत्र के जंबूपानी क्षेत्र में अवैध सागौन कटाई के मामले में वन विभाग ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सोलर प्लांट चोरी में एक आरोपी गिरफ्तार
नेपानगर थाना प्रभारी शहाबुद्दीन कुरैशी ने बताया कि तकनीकी सबूतों के आधार पर राजेश धनसिंग (25) निवासी ग्राम हैदरपुर जूनापानी को पकड़ा गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने 5-6 साथियों के नाम बताए हैं। पुलिस अब इन लोगों से भी पूछताछ करेगी। नेपानगर में हिल टॉप एरिया, गुरुद्वारा क्षेत्र और मातापुर बाजार की किराना दुकान सहित कई अन्य चोरी की घटनाएं अभी सुलझना बाकी हैं। जंबूपानी में अवैध सागौन कटाई, 5 गिरफ्तार
शाहपुर वन परिक्षेत्र के संवेदनशील जंबूपानी वन क्षेत्र में सागौन के पेड़ों की अवैध कटाई के मामले में वन विभाग ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बुरहानपुर एसडीओ वन विनय कुमार मेश्राम के अनुसार, मुखबिर से अवैध कटाई की सूचना मिलने के बाद वन विभाग के मैदानी अमले ने कार्रवाई की। दो अलग-अलग कार्रवाई में पहली बार पांढरी-जंबूपानी निवासी रामलाल, प्रकाश और योगेश को पकड़ा गया। दूसरी कार्रवाई में भायला निवासी थावरसिंग और दुलीचंद थावरसिंग को हिरासत में लिया गया। 3 नग सागौन काष्ठ बरामद
आरोपियों की निशानदेही पर वन विभाग ने 3 नग अवैध सागौन काष्ठ बरामद किया है। इसकी मात्रा कुल 0.074 घनमीटर है। सभी 5 आरोपियों के खिलाफ वन अपराध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वन विभाग के अनुसार, जब्त लकड़ी की राशि का अभी आकलन नहीं किया गया है। विभाग यह पता लगा रहा है कि आरोपियों ने कितने पेड़ों को नुकसान पहुंचाया, लकड़ी कहां खपाई जानी थी और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक जंबूपानी मुकेश भावसार, बीट गार्ड जंबूपानी और शाहपुर वन परिक्षेत्र का अमला शामिल रहा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *