चूरू में मंगलवार दोपहर मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर करीब दो बजे तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के बाद आसमान में धूल का गुबार छा गया और बादल छाए रहने से और बारिश की संभावना बनी रही। सुबह के समय तापमान में नमी महसूस की गई थी।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में मानसून ट्रफ लाइन जम्मू-देहरादून के दबाव क्षेत्र से होकर गुजर रही है। 2 दिन भारी बारिश के आसार
पूर्वी राजस्थान के कोटा, भरतपुर और जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में 25 और 26 अगस्त को मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसी अवधि में उदयपुर, अजमेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्र के कुछ भागों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग ने बताया कि 27 अगस्त से 2 सितंबर के दौरान पूर्वी राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि, कोटा संभाग के कुछ भागों में 27-28 अगस्त को हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक कमजोर मानसून की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

