गोंडा रेलवे सुरक्षा बल और लखनऊ नारकोटिक्स टास्क टीम ने आज मंगलवार दोपहर 3 बजे अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन से 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई गोंडा से बरुवाचाक रेलवे स्टेशन के बीच ट्रेन में चेकिंग के दौरान की गई। ट्रेन संख्या 14627 अमृत भारत एक्सप्रेस के जनरल कोच में चेकिंग के दौरान एक लावारिस बैग मिला। बैग की तलाशी लेने पर उसमें 5 किलोग्राम गांजा पाया गया। आसपास के यात्रियों से पूछताछ की गई, लेकिन किसी ने भी बैग पर अपना दावा नहीं किया। इसके बाद, ट्रेन के गोंडा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर पहुंचने पर RPF टीम ने तत्काल गांजे को अपने कब्जे में ले लिया। पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। गोंडा रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी अनिरुद्ध प्रसाद ने बताया कि यह गांजा ट्रेन के माध्यम से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि RPF और नारकोटिक्स टास्क टीम लखनऊ द्वारा ट्रेनों के माध्यम से होने वाली शराब और अन्य तस्करी को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। प्रसाद के अनुसार, शराब तस्करी के आरोप में कई लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और बड़ी मात्रा में शराब भी बरामद की गई है। ट्रेनों से गांजा बरामद होने का यह पहला मामला है। अब गोंडा से बिहार जाने वाली ट्रेनों में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा ताकि ऐसी तस्करी को रोका जा सके। 24 घंटे हमारी टीम द्वारा लगातार अलग-अलग ट्रेनों में चेकिंग चलाई जा रही है। कार्रवाई भी हम लोग कर रहे हैं कठोर कार्रवाई कर रहे हैं ताकि इस पूरे नेटवर्क को खत्म किया जा सके कई ट्रेनों के कोच अटेंडेंट को हम लोग शराब तस्करी में गिरफ्तार जेल भेज चुके हैं। अब यह देखा जा रहा है कि गांजा तस्करी में कौन शामिल है।

