इज़रायल (Israel) में 27 अक्टूबर को चुनाव है। चुनाव से पहले इज़रायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) ने आर्मी रेडियो से बात करते हुए कहा है कि ईरान (Iran) पर हमले करना फिलहाल इज़रायल के लिए सही नहीं है। हालांकि उन्होंने अपने इस बयान पर विस्तार से बातचीत नहीं की। नेतन्याहू का यह बयान ऐसे समय पर आया है जब इज़रायली मीडिया की रिपोर्ट ने हाल ही में यह दावा किया है कि नेतन्याहू ने हाल ही में अमेरिका (United States of America) के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) से बात की और इज़रायल में वोटिंग और उसके एक हफ्ते बाद होने वाले अमेरिकी मिडटर्म चुनाव से पहले ईरान पर फिर से हमले शुरू करने का आग्रह किया था।
नेतन्याहू के ऑफिस ने किया मीडिया रिपोर्ट का खंडन
नेतन्याहू के ऑफिस ने इस मीडिया रिपोर्ट का खंडन किया है कि इज़रायली पीएम फिर से ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू करने की कोशिश कर रहे हैं। इस मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से कहा गया है कि नेतन्याहू ने कई बार ईरान पर फिर से हमले करने की बात उठाई थी और ट्रंप ने उनसे कहा था कि वह आगे बढ़ सकते हैं और ईरान पर फिर से हमले की तैयारी कर सकते हैं, लेकिन उन्होंने सैन्य कार्रवाई को ग्रीन सिग्नल देने का कोई वादा नहीं किया। मीडिया रिपोर्ट में इज़रायली सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से कहा गया कि इंटेलिजेंस के आकलन में ऐसा कोई बदलाव नहीं हुआ है जिससे ईरान के खिलाफ अमेरिका और इज़रायल के तुरंत किसी सैन्य अभियान को सही ठहराया जा सके।
जल्द लिए जाएगा फैसला
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि उनका प्रशासन जल्द ही ईरान के विषय में फैसला लेगा। काफी समय से इस बात की संभावना जताई जा रही है कि अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के बाद ट्रंप अपनी सेना को फिर से ईरान पर हमलों का आदेश दे सकते हैं। हालांकि ट्रंप ने इसकी पुष्टि नहीं की है, लेकिन कई मौकों पर ऐसा करने का संकेत दिया है। बताया जा रहा है कि ट्रंप ने अमेरिकी सेना को भी सैन्य अभियान के लिए तैयारी करने के लिए कह दिया है।

