कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। एक निजी स्कूल वैन से गिरकर 2 साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने विजयराघवगढ़ के मुख्य चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन करने वाले लोग प्रशासन और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। वे दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई और 1 करोड़ रुपये मुआवजे की मांग पर अड़े हैं। जानकारी के मुताबिक, टिकर गांव के रहने वाले दिनेश यादव का 2 साल का बेटा अजीत यादव विजयराघवगढ़ के द्वारिका प्रसाद निजी स्कूल में पढ़ता था। बुधवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल वैन से स्कूल जा रहा था। इसी बीच विजयराघवगढ़ में कलारी के पास चलती वैन से अजीत अचानक नीचे गिर गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से खून से लथपथ बच्चे को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने विजयराघवगढ़ के मुख्य चौराहे को पूरी तरह बंद कर दिया। चक्काजाम के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन रुक गया। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले स्कूल प्रबंधन और वैन चालक पर तुरंत कानूनी कार्रवाई हो। साथ ही पीड़ित परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद दी जाए। हालात देखते हुए एसडीएम विवेक गुप्ता और विजयराघवगढ़ थाना प्रभारी अभिषेक चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी लगातार परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने और चक्काजाम खत्म कराने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन परिजन मांगें पूरी होने तक हटने को तैयार नहीं हैं।

