सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिनैकी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घंसौर से जबलपुर जा रहे 42 साल के मजदूर उमेश उइके ने मंडला-जबलपुर पैसेंजर ट्रेन में चलती हालत में चढ़ने की कोशिश की, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया। हालांकि, मौके पर मौजूद गार्ड और यात्रियों की सूझबूझ से उनकी जान बच गई। जानकारी के मुताबिक, बिनैकी स्टेशन से जैसे ही मंडला-जबलपुर पैसेंजर ट्रेन रवाना हुई, तभी उमेश दौड़कर चलती ट्रेन में चढ़ने लगे। ट्रेन की रफ्तार बढ़ते ही उनका पैर फिसल गया और वे सीधे प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गए। यह देखते ही ट्रेन के गार्ड और आसपास खड़े यात्रियों ने बिना देर किए तुरंत हाथ बढ़ाकर उन्हें खींच लिया, जिससे वे ट्रेन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। समय पर मिली मदद के कारण उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई। घटना का वीडियो आया सामने इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें यात्री के फिसलने और फिर उसे बचाए जाने का दृश्य साफ दिख रहा है। हादसे के बाद थोड़ी देर के लिए स्टेशन पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों और सुरक्षा जानकारों ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का जोखिम न उठाएं और हमेशा ट्रेन के पूरी तरह रुकने का ही इंतजार करें।

