चंदौली जिले से गुजरने वाली गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। वर्तमान में यह 65.80 मीटर दर्ज किया गया है और प्रति घंटे छह सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु से 4.462 मीटर नीचे है, लेकिन तेजी से बढ़ते पानी के कारण तटवर्ती इलाकों के ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों को आशंका है कि यदि जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा, तो उन्हें फसल, पशु चारा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कमी का सामना करना पड़ सकता है। चंदौली जनपद के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) नगर और सकलडीहा तहसील क्षेत्रों में तीन दर्जन से अधिक गांव गंगा नदी के किनारे बसे हैं। बाढ़ की स्थिति में इन गांवों को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ता है। विशेष रूप से पशुओं के चारे की कमी, फसलों का नुकसान और कटान की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है। हालांकि, अभी गंगा का पानी चेतावनी बिंदु तक नहीं पहुंचा है, जो 70.262 मीटर है, और खतरे का निशान 71.262 मीटर पर है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी में नावों के संचालन और मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रमुख घाटों पर सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

