घाटमपुर में शेड गिरने से बुजुर्ग की मौत:विधायक सरोज कुरील ने परिजनों से मिलकर आर्थिक मदद का भरोसा दिया

घाटमपुर में शेड गिरने से बुजुर्ग की मौत:विधायक सरोज कुरील ने परिजनों से मिलकर आर्थिक मदद का भरोसा दिया

घाटमपुर के रेऊना कस्बे की बाजार में सीमेंटेड शेड अचानक भरभराकर गिरने से बुजुर्ग की मौत और दो लोगों के घायल होने की घटना पर घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने गहरा दुख जताया। मंगलवार को विधायक गौरा गांव पहुंचीं और हादसे में जान गंवाने वाले सेवाराम (70) के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह परिवार के साथ खड़ी हैं। साथ ही शासन स्तर से आर्थिक सहायता दिलाने का भरोसा दिया। घाटमपुर विधायक सरोज कुरील ने परिजनों से घटना की जानकारी ली और हादसे पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बाजार में जर्जर हालत में पड़े सीमेंटेड शेड को हटवाकर उसके स्थान पर नया शेड डलवाने की दिशा में कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बाजार में लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में सुधार जरूरी है। इसके बाद विधायक सरोज कुरील रेऊना बाजार पहुंचीं। यहां उन्होंने व्यापारियों से मुलाकात कर हादसे की जानकारी ली और उनकी समस्याएं सुनीं। व्यापारियों ने बाजार में जर्जर निर्माण और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखीं। विधायक ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि बाजार की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार कराया जाएगा। शुक्रवार को रेऊना बाजार में सब्जी खरीदने के लिए पहुंचे गौरा निवासी सेवाराम सीमेंटेड शेड के नीचे दब गए थे। हादसे में उनकी मौत हो गई थी। वहीं टड़वारा निवासी निधि (17) और इछौली निवासी बिटान (60) पत्नी गजराज घायल हो गई थीं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था। हादसे के बाद जर्जर शेड को लेकर बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल भी उठे थे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *