घाटमपुर के 30 गांवों को मिलेंगे 20-20 लाख:सोलर लाइट, नाली-पुलिया और हैंडपंप रिबोर समेत होंगे विकास कार्य

घाटमपुर के 30 गांवों को मिलेंगे 20-20 लाख:सोलर लाइट, नाली-पुलिया और हैंडपंप रिबोर समेत होंगे विकास कार्य

घाटमपुर ब्लॉक के अनुसूचित जाति बाहुल्य 30 राजस्व गांवों में विकास कार्य कराए जाएंगे। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत इन गांवों को 20-20 लाख रुपए की धनराशि मिलेगी। कार्ययोजना तैयार करने के लिए गुरुवार को पंचायत सहायकों को प्रशिक्षण दिया गया। योजना के तहत गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर सोलर लाइट लगाई जाएंगी। नालियों और पुलियों का निर्माण, खराब हैंडपंपों का रिबोर और सरकारी भवनों की बाउंड्रीवाल जैसे काम भी कराए जाएंगे। गांव की जरूरत के हिसाब से विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। ब्लॉक सभागार में हुए प्रशिक्षण में सभी 30 चिह्नित गांवों के पंचायत सहायक शामिल हुए। ग्राम विकास अधिकारी समाज कल्याण पल्लवी ने उन्हें योजना के तहत होने वाले काम, कार्ययोजना तैयार करने और जरूरी अभिलेखों के बारे में जानकारी दी। ग्राम पंचायत की बैठक में होगा प्रस्ताव पास पंचायत सहायक गांव की जरूरत के मुताबिक तैयार कार्ययोजना को ग्राम पंचायत की बैठक में रखेंगे। बैठक में प्रस्ताव पास होने के बाद इसे आगे भेजा जाएगा। शासन से मंजूरी मिलने पर संबंधित गांव के लिए 20 लाख रुपए की धनराशि जारी की जाएगी। अधिकारियों के मुताबिक योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति बाहुल्य गांवों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करना है। प्रशिक्षण के दौरान ग्राम विकास अधिकारी पंकज पांडेय भी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *